भाजपा के विधानसभा कूच के दौरान बुरी तरह से घायल हुए पार्टी कार्यकर्ता लल्लन सिंह की हालत में तेजी से सुधार हो रहा है। बुधवार को सीएमआई में भर्ती लल्लन का हाल जानने के लिए पार्टी का कोई भी पदाधिकारी या कार्यकर्ता नहीं पहुंचा।
14 मार्च को भाजपा के विधानसभा कूच के दौरान लल्लन सिंह बुरी तरह से घायल हो गए थे। सीएमआई अस्पताल में उनका सर्जरी के बाद इलाज चल रहा है। सर्जरी होने तक लल्लन की सुध लेने वाला कोई नहीं था।
अमर उजाला ने दो अप्रैल को लल्लन की खबर प्रकाशित की तो पूर्व सीएम हरीश रावत उनका हाल जानने पहुंचे थे। उन्होंने लल्लन के इलाज का पूरा खर्च वहन करने की घोषणा की थी।
पांच दिन बाद मिल जाएगी लल्लन को अस्पताल से छुट्टी
अगले दिन मंगलवार को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट और पार्टी विधायकों ने 1.30 लाख रुपये की सहायता लल्लन को दी थी। बुधवार को दिनभर लल्लन की आंखें इंतजार करती रही लेकिन कोई भी उसका हाल जानने नहीं आया। लल्लन के बेटे अनूप कुमार ने बताया कि कोई उनसे मिलने नहीं आया।
उधर, वरिष्ठ न्यूरो सर्जन डॉ. महेश कुड़ियाल ने बताया कि लल्लन अब तेजी से रिकवर कर रहा है। उन्होंने बताया कि चार से पांच दिन में उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी।