हरिद्वार। नगर कोतवाली क्षेत्र में पुलिस ने चेकिंग के दौरान 12.6 ग्राम स्मैक के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से इलेक्ट्रॉनिक तराजू और मोबाइल भी बरामद किया है। एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, बुधवार रात रोड़ीबेलवाला चौकी पुलिस दुधियाबंध तिराहे पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान गीता कुटीर आश्रम की ओर से पैदल आ रहा एक युवक पुलिस को देखकर मुड़कर भागने लगा। शक होने पर पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में युवक ने अपना नाम सूरज कुमार निवासी कबाड़ी बस्ती, लालजीवाला, हरिद्वार बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से स्मैक बरामद हुई।
सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह टाइल-पत्थर का काम करता है और स्मैक रायवाला निवासी एक महिला से लेकर आया था। आरोपी पहले भी स्मैक के मामलों में जेल जा चुका है।