गोवर्धन पूजा पर घर-घर में बनने वाला अन्नकूट पर महंगाई का असर दिखाई दिया। अन्नकूट की सब्जियों के भाव आम दिनों की तुलना में ज्यादा रहे। ऐसे में लोगों ने थोड़ी थोड़ी सब्जी खरीदकर अन्नकूट बनाया। थोक और फुटकर बाजार में रेटों में काफी अंतर रहा। भंडारों के लिए लोगों ने थोक मंडी में जाकर सब्जियां खरीदी तो घरों में बनने वाले प्रसाद के लिए फुटकर में ही थोड़ी थोड़ी सब्जियां खरीदी।
दीपावली के बाद गोवर्धन पूजा पर घर-घर में अन्नकूट का प्रसाद बनता है। शहर में जगह-जगह भंडारे होते हैं। ऐसे में सभी सब्जियों की बहुत डिमांड रहती है। अन्नकूट की सब्जी लेने के लिए सुबह से ही ज्वालापुर सब्जी मंडी में लोगों की भीड़ उमड़ी। थोक मंडी में सोमवार को सब्जियों के दामों में अन्य दिनों की तुलना में उछाल देखने को मिला। मंडी में फूल गोभी, बैंगन, मूली, पत्ता गोभी, लौकी, तोरई के भाव अलग अलग थे। जैसे-जैसे समय बढ़ता गया, दामों में बदलाव होते रहे। देसी टमाटर के दाम में काफी उछाल था। सब्जी मंडी के थोक व्यापारी राजू ने बताया कि त्योहार पर सब्जियों की डिमांड होने और ग्राहकों के सीधे मंडी आने के कारण किसान सीधे अपना माल बेचते हैं। ऐसे में भीड़ को देखते हुए दामों में उतार चढ़ाव होता रहता है।
-----
मंडी से गली तक बढ़ गए दाम
थोक मंडी से फुटकर बाजार आने तक सब्जियों के दामों में दोगुने से ज्यादा तक का अंतर आ गया। कनखल निवासी रीटा चौहान ने बताया कि गोवर्धन पूजा के दिन अन्नकूट की सब्जियां आम दिनों से महंगी थीं। वहीं, सब्जी विक्रेताओं का कहना था कि मंडी में दामों में बदलाव होता रहता है। वहीं, गोवर्धन पूजा के दिन साधन न मिलने पर उनको ज्यादा भाड़ा देना होता है, ऐसे में दाम पर असर पड़ता है।
---------
100 रुपये में अन्नकूट का पैकेट
अन्नकूट की सब्जियों की डिमांड को देखते हुए सब्जी विक्रेताओं ने 100 रुपये किलो में अन्नकूट का पैकेट बेचा। इसमें अन्नकूट में डालने वाली सभी सब्जियां थोड़ी-थोड़ी मात्रा में थी। ग्राहकों को भी अलग अलग सब्जी के लिए परेशान नहीं होना पड़ा।
----------
सब्जी थोक मंडी - फुटकर मंडी
बैंगन 20 से 25- 40 से 45
लौकी 10 से 15- 25 से 35
मूली 10 से 15- 25 से 30
काशीफल 20 से 30- 40 से 50
टमाटर 45 से 55- 70 से 75
पत्ता गोभी 25 से 30- 40 से 50
फूल गोभी 30 से 35- 60 से 70
हरी मिर्च 35 से 45- 60 से 65
शिमला मिर्च 10 से 15- 25 से 30
पालक 8 से 12- 20रुपये प्रति किलो
अदरक - 80 से 100 - 120 से 130
तोरई 20 से 22- 40 से 45
नोट: सब्जी के दाम प्रतिकिलो में हैं