ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र का मामला, वीडियो वायरल, तीन गिरफ्तार
हरिद्वार। रानीपुर मोड़ पर कार को ओवरटेक करने को लेकर दो गुटों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई। दोनों पक्षों के बीच ईंटों और लाठी-डंडों से हमला हुआ जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना का वीडियो सोमवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। मामले में ज्वालापुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, रविवार की देर रात पुराना रानीपुर मोड़ के पास दो गुटों के बीच लड़ाई-झगड़ा हो गया। बताया गया कि कार को ओवरटेक करने को लेकर विवाद शुरू हुआ था। दोनों पक्षों के बीच पहले तीखी बहस हुई और फिर मारपीट होने लगी। इस दौरान एक-दूसरे पर ईंटों और लाठी-डंडों से वार किए गए। झगड़े में कई लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। इसी बीच किसी ने मारपीट का वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
सीओ ज्वालापुर संजय चौहान ने बताया कि पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए युवराज व आर्यन निवासी विष्णु गार्डन कनखल, एकाक्ष निवासी विवेक विहार कॉलोनी ज्वालापुर को पुराना रानीपुर मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया। तीनों का शांतिभंग में चालान कर दिया गया।