कुंभ मेला कंट्रोल रूम सभागार में सोमवार को नगर निगम सहायक नगर आयुक्त एवं नोडल अधिकारी तनवीर सिंह मारवाह की अध्यक्षता में फेरी समिति की बैठक हुई। इसमें फुटपाथ के लघु व्यापारियों को उत्तराखंड नगरीय फेरी नीति नियमावली के अंतर्गत वेंडिंग जोन में व्यवस्थित करने की प्रक्रिया में तेजी लाने पर चर्चा हुई।
सोमवार को आयोजित बैठक में लघु व्यापार एसोसिएशन के प्रांतीय अध्यक्ष संजय चोपड़ा ने चार प्रस्ताव रखे। उन्होंने कहा कि प्रथम स्मार्ट वेंडिंग जोन चंडी चौराहा ललतारो पुल मार्ग पर 50 लघु व्यापारियों की क्षमता है। आठ लघु व्यापारियों ने नगर निगम में आवेदन तो किए हैं, लेकिन प्रक्रिया पूरी नहीं की है। ऐसे व्यापारियों को तीन दिन का समय देकर प्रक्रिया पूरी कराई जाए। यदि प्रक्रिया पूरी नहीं होती है तो उनको बाहर किया जाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री महिला सहायता समूह के माध्यम से रोड़ी बेलवाला में सौ महिलाओं के लिए पिंक वेंडिंग जोन बनना है। जोन कि सभी औपचारिकताएं पूरी कर 24 दिसंबर तक लोकार्पण किया जाए।
मारवाह ने कहा कि रेडी पटरी के लघु व्यापारियों को संरक्षित किए जाने को लेकर पूर्व से चयनित तीन वेंडिंग जोन के सर्वे प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है। रोड़ीबेलवाला स्थित महिला स्ट्रीट वेंडर्स के लिए बनाए जा रहे वेंडिंग जोन लगभग अंतिम रूप में है। शीघ्र ही बैंक के लोन की प्रकिया एवं फेरी समिति के सदस्यों के प्रस्ताव के निमित राज्य फेरी नीति नियमावली के नियमानुसार प्राथमिकता के आधार पर व्यवस्थित किया जाएगा। बैठक में हरिद्वार रुड़की विकास प्राधिकरण, पुलिस और प्रशासन के अधिकारी, लीड बैंक के प्रबंधक संजय संत, कर अधीक्षक सुनीता सक्सेना, सिटी मेंशन मेजर अंकित रमोला, लिपिक वेदपाल सिंह, लघु व्यापारियों के प्रतिनिधि सुमन गुप्ता, राजेंद्र पाल, मनोज मंडल, नीतीश अग्रवाल, मोनू तोमर, हरीश कुमार, विमल कमल मौजूद रहे। संचालन कर अधीक्षक सुनीता सक्सेना ने किया। वहीं लघु व्यापार एसो. के प्रांतीय अध्यक्ष संजय चोपड़ा ने कहा फेरी समिति के निर्णय के अनुसार उत्तरी हरिद्वार के तीन वेंडिंग जोन भूपतवाला, खड़खड़ी, भीमगोडा, सप्त ऋषि में विकसित किए जाने वाले सभी वेंडिंग जोन की टेंडर निकालने की प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है। सेक्टर-2 बैरियल, भगत सिंह चौक, फुल जटवाड़ा व पिंक वेंडिंग जोन रोड़ी बेलवाला प्रथम न्यू स्मार्ट वेंडिंग जोन के लाभार्थी सभी लघु व्यापारियों को अनुबंध के साथ लाइसेंस, परिचय पत्र व सभी नियम शर्तों के साथ सुचारू रूप से प्रोत्साहित किए जाने की आवश्यकताओं के साथ वेंडिंग जोन का संचालन किया जाना न्यायपूर्ण होगा।