चुनाव आयोग की टीम के साथ गहमा-गहमी करते कार्यकर्ता।
- फोटो : HARIDWAR
लोगों के घरों पर बिना अनुमति के झंडे और बैनर लगाने की शिकायत होने के बाद उन्हें उतारने के लिए गई चुनाव आयोग की टीम के साथ एक पार्टी के कार्यकर्ताओं की झड़प हो गई। चुनाव आयोग की टीम ने किसी तरह मामले को संभाला। हालांकि पुलिस के पास इस मामले में कोई शिकायत नहीं की गई है। झड़प का वीडियो सोशल मीडिया पर भी खूब वायरल हुआ।
नगर कोतवाली क्षेत्र के वार्ड 10 निर्मला छावनी क्षेत्र में कुछ मकानों पर मालिक की बिना अनुमति के झंडे व बैनर प्रत्याशियों ने लगा दिए थे। जिसको लेकर मकान मालिकों ने इसकी शिकायत चुनाव आयोग में की थी। शिकायत मिलने के बाद रविवार को चुनाव आयोग की टीम बैनर व झंडों को उतारने के लिए गए थे। इस दौरान टीम ने जब झंडे व बैनर उतारने शुरू किए तो एक पार्टी के कार्यकर्ता पहुंच गए और उन्होंने टीम पर आरोप लगाने शुरू कर दिए कि वह दूसरे पक्ष के झंडे व बैनर भी उतारें। इस दौरान टीम के सदस्यों ने उन्हें समझाया कि बिना अनुमति के मकानों पर लगाए गए झंडे व बैनरों को ही उतारा जा रहा है। जिस पर पार्टी के कार्यकर्ता भड़क गए और चुनाव आयोग की टीम से झड़प हो गई। नगर कोतवाल राकेंद्र कठैत का कहना है कि इस मामले में कोई शिकायत नहीं आई है। यदि शिकायत आती है तो कार्रवाई की जाएगी।
लोगों की शिकायत आई थी कि जबरन उनकी छतों पर झंडे लगाए गए हैं। जिन्हें उतरवाने के लिए टीम गई थी। कुछ लोग इसका विरोध कर रहे थे, लेकिन जबरन किसी की छत पर झंडा नहीं लगाया जा सकता है। इसलिए टीम व एक पार्टी के कार्यकर्ताओं के बीच गहमागहमी हो गई थी।
- अमित कोठियाल, एआरओ विधानसभा हरिद्वार