हरिद्वार। उत्तराखंड रोडवेज इंप्लाइज यूनियन गढ़वाल मंडल की कार्यकारिणी की शनिवार को बैठक हुई। इसमें कर्मचारियों के हित में आंदोलन की रूपरेखा तैयार की गई। इसमें देहरादून, कोटद्वार, ऋषिकेश, हरिद्वार और रुड़की के पदाधिकारी शामिल हुए। चेतावनी दी कि यदि शासन ने उनकी मांगें नहीं मानीं तो रोडवेज कर्मी बसों के चक्का जाम करने के लिए बाध्य होंगे।
शनिवार को हरिद्वार रोडवेज डिपो में आयोजित कार्यकारिणी की बैठक में मंडलीय अध्यक्ष रविंद्र भगत ने कहा कि परिवहन निगम के उत्थान के लिए सभी को एकजुट होना होगा। उन्होंने कहा कि संविदा, विशेष श्रेणी और तकनीकी कर्मचारियों को नियमितीकरण के लिए शासन से कई सालों से बात चल रही है, लेकिन कोई ध्यान देने को तैयार नहीं है। उन्होंने कहा कि वेतन के लिए कई-कई महीने तक भटकना पड़ रहा है। यहां तक कि हाईकोर्ट के हस्तक्षेप से उन्हें वेतन जारी हुआ है।
अध्यक्ष रविंद्र भगत ने कहा कि शासन की ओर से बसों की मरम्मत तक के लिए बजट तक जारी नहीं किया जा रहा है। संचालन मंडलीय मंत्री हरी सिंह ने किया। बैठक में प्रांतीय महामंत्री रविनंदन, संयुक्त मंत्री रमेश प्रसाद शर्मा, क्षेत्रीय अध्यक्ष बालेश कुमार, प्रांतीय कार्यकारिणी के अध्यक्ष जगदीश बहुगुणा, सुमित सक्सेना, अनूप बडोनी, सुनील शर्मा, शमशेर, लोकेंद्र कुमार, राकेश शर्मा, राजबीर सिंह और नितिन कुमार आदि मौजूद थे।