छात्रवृत्ति घोटाले के आरोप में स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (एसआईटी) ने सेवानिवृत्त जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपराज अग्निहोत्री को दिल्ली के शेखपुरा से गिरफ्तार कर लिया है।
करोड़ों रुपये के छात्रवृत्ति घोटाले की एसआईटी जांच कर रही है। घोटाले में जनपद हरिद्वार में दर्ज हुए 51 मामलों में एसआईटी तत्कालीन जिला समाज कल्याण अधिकारी हरिद्वार व वर्तमान उप परियोजना निदेशक (निलंबित) अनुराग शंखधर, तत्कालीन जिला समाज कल्याण अधिकारी देहरादून राम अवतार, तत्कालीन सहायक समाज कल्याण अधिकारी हरिद्वार सोमप्रकाश, तत्कालीन सहायक समाज कल्याण अधिकारी हरिद्वार मुनीष त्यागी पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं।
तत्कालीन जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपराज अग्निहोत्री निवासी निवासी 3/215 विष्णुपुरी नवाबगंज कानपुर उत्तर प्रदेश हाल निवासी 71 बी त्रिलोक नगर कनखल के खिलाफ एसआईटी ने जांच के दौरान 12 मुकदमे दर्ज कराए थे। आरोप है कि दीपराज अग्निहोत्री ने अपने कार्यकाल के दौरान 33 करोड़, 51 लाख 2 हजार 468 करोड़ रुपये स्ववित्त पोषित शैक्षणिक संस्थानों के स्वामी/संचालकों के साथ मिलकर गबन किए। इस मामले में दीपराज अग्निहोत्री को एसआईटी ने अपना पक्ष रखने के लिए कई बार नोटिस भी दिया। लेकिन वह एसआईटी के सामने प्रस्तुत नहीं हुआ।
आरोपी अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार प्रयास कर रहा था। एसआईटी प्रभारी मंजूनाथ टीसी ने बताया कि आरोपी दीपराज अग्निहोत्री को शेख सराय साउथ दिल्ली से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस टीम ने निरीक्षक व विवेचक देवेंद्र कपरवाण, राजेंद्र सिह बिष्ट, प्रदीप राठौर थानाध्यक्ष जीआरपी लक्सर, आरक्षी कुलदीप सिंह व रविंद्र मौजूद शामिल रहे।