पुलिस ने चेकिंग के दौरान अंतरराज्यीय मोबाइल चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन मोबाइल चोरों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से पांच मोबाइल और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई है।
बहादराबाद थाना प्रभारी नितेश शर्मा के मुताबिक मेरठ के गांव भैसा थाना मवाना निवासी मौहम्मद दानिश हाल निवासी बढ़ेड़ी राजपूतान ने थाने में तहरीर देकर बताया कि वह बढ़ेड़ी में किराये के मकान में रहता है। 28 मई की रात को वह कमरे में सो रहा था। जब वह सुबह उठा तो उसके पास रखे दो मोबाइल चोरी हो गए थे। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्जकर चोरों की तलाश कर दी थी। इसी बीच पुलिस को मुखबिर द्वारा सूचना मिली कि तीन संदिग्ध व्यक्ति बाइक से धनौरी से बहादराबाद की ओर आ रहे हैं।
सूचना मिलते ही एसआई हेमंत भारद्वाज मय पुलिस के साथ पथरी रोह पुल के पास वाहनों की चेकिंग करने लगे। उसी दौरान धनौरी की तरफ से तीन व्यक्ति एक ही बाइक पर आते हुए दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया। लेकिन पुलिस को देखकर मोटरसाइकिल सवार भागने का प्रयास करने लगे। पुलिस ने पीछा कर कुछ दूरी पर उन्हें पकड़ लिया। पुलिस ने जब उनकी तलाशी ली तो उनके पास से पांच मोबाइल बरामद हुए। पुलिस उन्हें थाना बहादराबाद ले आई। पुलिस पूछताछ पर उन्होंने अपने नाम अजहर निवासी कस्बा थाना किरतपुर बिजनौर, सद्दाम निवासी रागदान कस्बा थाना किरतपुर बिजनौर, मंजूर निवासी मौ. लुकमानपुर कस्बा थाना किरतपुर बिजनौर बताया।
पूछताछ पर दो मोबाइल बहादराबाद, तीन मोबाइलभगवानपुर और चिड़ियापुर से चोरी करना कबूला। पुलिस ने तीनों आरोपियों को जेल भेज कर बाइक सीज कर दी। थानाध्यक्ष नितेश शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार किए गए अंतरराज्यीय अपराधी हैं। पूर्व में भी चोरी, कारागार पुलिस रुड़की हरिद्वार पर फायरिंग के मामले कोतवाली गंगनहर तथा कोतवाली कोटद्वार से भी जेल जा चुके हैं। सद्दाम, प्रवीण वाल्मीकि गैंग का सक्रिय सदस्य है। उनके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।