विधानसभा चुनाव के लिए पोलिंग पार्टियों को उनके स्थान तक भेजने की चुनाव आयोग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। पोलिंग पार्टियों को मतदान केंद्रों तक भेजने के लिए 450 बसों की व्यवस्था की गई है।
राज्य में 14 फरवरी को मतदान होना है। मतदान के लिए पोलिंग पार्टियां बनाई गई हैं। ये पोलिंग पार्टियां 13 फरवरी को चुनाव कराने के लिए जिला निर्वाचन कार्यालय की ओर से मतदान केंद्रों पर भेज दी जाएंगी। इन पोलिंग पार्टियों को समय से मतदान केंद्रों पर भेजने के लिए बसों की व्यवस्था की गई है। जिला प्रशासन की ओर से करीब साढ़े चार सौ बसों को हायर किया गया है। ये बसें 13 फरवरी को सुबह ही भेल सेक्टर वन के शिवडेल पब्लिक स्कूल के पास वाले रामलीला मैदान में पहुंच जाएंगी। अलग-अलग रूटों पर जाने वाली बसों में पोलिंग पार्टियों को ईवीएम समेत चुनावी संबंधी सामग्री लेकर मतदान केंद्रों की तरफ रवाना करना किया जाएगा। जिला आपूर्ति अधिकारी केके अग्रवाल ने बताया कि बसों को पार्क करने के लिए रामलीला मैदान भेल प्रशासन से मिल चुका है।