शहरी अवस्थापना एवं भवन निर्माण निगम एवं उत्तराखंड मेट्रो रेल के उप महाप्रबंधक (सिविल) डॉ. आरएस दुबे ने सोमवार को जिलाधिकारी सी रविशंकर से कैंप कार्यालय में मुलाकात की। उप महाप्रबंधक ने शहर में परिवहन के लिए प्रस्तावित पर्सनलाइज रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (पीआरटी) प्रणाली पर चर्चा की।
डॉ. आरएस दुबे एवं उनकी टीम ने पर्सनलाइज रैपिड ट्रांजिट सिस्टम प्रणाली में चर्चा करते हुए कहा कि योजना पीपीपी मोड पर तैयार की जाएगी। योजना का सर्वे दिल्ली मेट्रो एवं उत्तराखंड मेट्रो ने मिलकर किया है। इस प्रणाली को तैयार करने में 60 करोड़ रुपये प्रति किलोमीटर की लागत आएगी। इसके लिए कुल 21 किमी का ट्रैक तैयार किया जाएगा। जिलाधिकारी सी रविशंकर ने कहा कि पर्सनलाइज रैपिड ट्रांजिट सिस्टम प्रणाली के लिए करीब 21 किमी का रूट होगा। 2024-2025 तक कार्य कराने का लक्ष्य है। भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू होने के बाद कार्य में तेजी आएगी। पॉड कार के लिए एलिवेटेड ट्रैक तैयार होगा। एक पॉड कार में छह यात्री सफर कर सकेंगे। बैठक में सेक्शन इंजीनियर बृजेश मिश्रा आदि उपस्थित थे।
पॉड कार के प्रस्तावित रूट
-भारत माता मंदिर से सीतापुर तक
-गणेशपुरम से डीएवी स्कूल
-कनखल दक्ष मंदिर क्षेत्र
-ललतारो पुल से वाल्मीकि चौराहा