हरिद्वार। राज्य कर विभाग की स्पेशल इंन्वेटिगेशन ब्यूरो (एसआईबी) ने रेलवे स्टेशन पर छापा मारकर टैक्स चोरी का साढ़े तीन लाख रुपये का पान मसाला पकड़ा है। पान मसाला के दस नग इंदौर से घसीटू सिंह नाम की बिल्टी पर आए थे। बिल्टी फर्जी होने पर विभाग ने माल अपने कब्जे में ले लिया है।
राज्य कर विभाग की ज्वाइंट कमिश्नर सुनीता पांडेय के मुताबिक ट्रेनों से टैक्स चोरी के माल की आवक की सूचना पर एसआईबी लगातार निगरानी कर रही है। सोमवार को उनको इंदौर से आने वाली ट्रेन से टैक्स चोरी का माल उतरने की सूचना मिली। राज्य कर अधिकारी अविनाश और रघुवीर के नेतृत्व में टीम रेलवे स्टेशन भेजी गई और घसीटू सिंह नाम की बिल्टी पर 10 नग पान मसाला पकड़ा। बिल्टी में नाम और पता फर्जी था। सुनीता पांडेय के मुताबिक पान मसाला इंदौर से मंगवाया गया है। उसकी कीमत साढ़े तीन लाख रुपये है। माल छुड़वाने किसी व्यक्ति के नहीं आने पर माल को कब्जे में ले लिया है।
----------------------------------
फूड वेंडरों ने ढाई करोड़ की बिक्री पर की टैक्स चोरी
हरिद्वार। एसआईबी की ओर से बीते दिनों हरिद्वार और रुड़की क्षेत्र में 13 फूड वेंडरों एवं रेस्टोरेंट में की गई छापामारी के बाद टैक्स चोरी का असेसमेंट कर लिया है। छापामारी में ढाई करोड़ की बिक्री पर टैक्स चोरी पकड़ी गई है। ज्वाइंट कमिश्नर सुनीता पांडेय ने बताया कि फूड वेंटर और रेस्टोरेंट ऑनलाइन और काउंटर सेल में हेराफेरी कर रहे थे। रिर्टन में वास्तविक बिक्री नहीं दर्शा रहे थे। जिसके बाद हरिद्वार में छह और रुड़की में सात वेंडरों एवं रेस्टोरेंट में एक साथ छापामारी की गई। इसमें प्रथम दृष्टया टैक्स चोरी पकड़ी गई थी। विभागीय टीमों ने असेसमेंट पूरा कर लिया है। करीब ढाई करोड़ की बिक्री पर टैक्स चोरी सामने आई है।