वीकेंड पर शनिवार के बाद रविवार को भी धर्मनगरी श्रद्धालुओं से गुलजार रही। बाजारों से लेकर गंगा घाटों तक श्रद्धालुओं की भीड़ दिखी। इसके साथ ही हाईवे और शहर के अंदर भी दिनभर वाहनों का दबाव बढ़ने से जाम लगता रहा। श्रद्धालुओं से धर्मनगरी के होटल और धर्मशालाएं भी फुल पैक रही। ऐसे में व्यापारियों के चेहरों पर भी खुशी नजर आई।
रविवार को धर्मनगरी में सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का क्रम शुरू हो गया था। जबकि शनिवार को यहां पहुंचे श्रद्धालु रविवार को भी यहीं रुके और मंदिरों के दर्शन व गंगा स्नान के बाद वापस लौटने शुरू हुए। हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और पंजाब के श्रद्धालुओं की संख्या ज्यादा नजर आई। हाईवे पर चंडी चौक, शंकराचार्य चौक और भूपतवाला के साथ ही सप्तऋषि चेक पोस्ट के आसपास वाहनों की काफी भीड़ होने से जाम लगता रहा। जबकि शहर के अंदर भी कई जगह जाम लगने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। मंदिरों के दर्शन करने के बाद श्रद्धालुओं ने मोती बाजार, विष्णु घाट, छोटी सब्जी मंडी, बड़ी सब्जी मंडी, अपर रोड बाजार का रुख किया। यहां श्रद्धालुओं ने प्रसाद व अन्य सामानों की खरीदारी की। शाम होते ही श्रद्धालुओं के वापस लौटने का सिलसिला शुरू हो गया।
पार्किंगों में रही वाहनों की भीड़
शनिवार के बाद रविवार को भी पार्किंग वाहनों से फुल रही। दीनदयाल उपाध्याय पार्किंग, सेफ पार्किंग, पंतदीप पार्किंग सहित आसपास की सभी पार्किंगों में वाहनों की भीड़ लगी रही।
ऑटो-विक्रम, ईरिक्शा को भी मिला काम
हरिद्वार पोस्ट ऑफिस व आसपास के स्टैंड से चलने वाले ऑटो-विक्रम यात्रियों पर निर्भर रहते हैं। यात्रा सीजन से ही इन्हें काफी आस होती है। वीकेंड पर श्रद्धालु पहुंचे तो ऑटो-विक्रम और ई-रिक्शा चालकों का काम भी बढ़िया चला।
बस और ट्रेनों में भी रही भीड़
होली के बाद अब वीकेंड पर रोडवेज बस और ट्रेनों में भी अच्छी खासी भीड़ रही। बस अड्डे पर दिल्ली सहित कई रूटों की बसों में पिछले दिनों की तुलना में काफी भीड़ रही।