बैक के असिस्टेंट मैनेजर की पत्नी का शव रविवार को कमरे में पंखे से लटका हुआ मिला। विवाहिता के मायके वालों ने ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले को शांत कराया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में दंपति के बीच अनबन की बात सामने आई है। वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसका पंचनामा कराने के बाद पोस्टमार्टम कराया और शव मायके वालों को सौंप दिया।
ज्वालापुर कोतवाल चंद्रचंद्राकर नैथानी के मुताबिक क्षेत्र के मोहल्ला धीरवाली निवासी डॉ. शरद कुमार चौहान ने रविवार को पुलिस को सूचना दी कि उनकी पुत्रवधू राजश्री चौहान (22) कमरे में पंखे पर लटकी हुई थी। जिसके बाद वह विवाहिता को फंदे से उतारकर बंगाली अस्पताल में उपचार के लिए ले गए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जिसके बाद सूचना मिलने पर ज्वालापुर पुलिस बंगाली अस्पताल में पहुंची और शव को कब्जे में लेकर उसका पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
वहीं सूचना मिलने पर मृतका के मायके वाले नूरपुर बिजनौर से हरिद्वार पहुंचे और बेटी की हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस ने उन्हें समझा बुझाकर शांत कराया। राजश्री का पति वैैैभव चौहान निरंजनपुर लक्सर स्थित एक बैंक की शाखा में असिस्टेंट मैनेजर के पर कार्यरत हैं। पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि आठ माह पूर्व ही शादी हुई थी। पुलिस ने जब ससुराल पक्ष से पूछताछ की तो पता चला कि राजश्री की अपने पति से किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। कोतवाल ने बताया कि अभी तक मायके वालों की तरफ से कोई शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।