आम आदमी हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के प्रभारी नरेश शर्मा ने कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि मंत्री ने खनन माफिया के साथ मिलकर करीब 17 करोड़ रुपये कमाए हैं। शिकायत के बावजूद प्रशासन और वन महकमा संलिप्त लोगों व मंत्री पर एक्शन लेने को तैयार नहीं है। लिहाजा, अब वह हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाने जा रहे हैं।
शुक्रवार को आप प्रभारी नरेश शर्मा ने प्रेस क्लब में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद के खिलाफ अवैध खनन में संलिप्तता को लेकर मुकदमा दर्ज करने की मांग की। आरोप लगाया कि मंत्री ने माफिया के साथ सांठगांठ कर लालढांग की रवासन नदी में अवैध खनन कराया। इस खनन से उन्होंने 17 करोड़ रुपये की अवैध कमाई की है। उन्होंने उक्त रकम मंत्री से वसूल कर सरकारी खजाने में जाम कराए जाने की मांग की।
उन्होंने कहा कि अवैध खनन में मंत्री की संलिप्तता को लेकर वह कई बार संबंधित अधिकारियों और सरकार से शिकायत कर चुके हैं। बावजूद, कोई भी मंत्री पर कार्रवाई को तैयार नहीं दिख रहा है। उन्होंने कहा कि आप कार्यकर्ता कैबिनेट मंत्री के आवास का घेराव भी करेंगे।