सैनिक कल्याण एवं कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि राज्य में पहला सैन्य धाम प्रथम सीडीएस जनरल विपिन रावत के नाम से बनने जा रहा है, जो सैनिकों के सम्मान के लिए समर्पित रहेगा। उन्होंने कहा कि देश के लिए अपने प्राणों को न्योछावर करने वाले शहीद सैनिकों के परिवारों को अब 35 लाख रुपये दिए जाएंगे। जल्द ही इसकी स्वीकृति सीएम से मिल जाएगी।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी देवभूमि पूर्व सैनिक कल्याण समिति हरिद्वार के नगर निगम के टाउन हॉल में आयोजित 12वें वार्षिकोत्सव में बतौर मुख्य वक्ता बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकार राज्य पूर्व सैनिकों की हरसंभव सहायता कर रही है। केंद्र सरकार भी पूर्व सैनिकों के कल्याण की कई योजनाएं चला रही हैं। उन्होंने कहा कि देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर शहीदों के परिवारों को अब सरकार की ओर से बेटल केेजुअल्टी में 35 लाख और फिजिकल केजुअल्टी में 25 लाख का आर्थिक सहयोग दिया जाएगा। अब तक यह 10 लाख रुपये दिया जा रहा था। राशि बढ़ाने का प्रस्ताव मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को स्वीकृति के लिए भेजा जा रहा है। जिससे जल्द ही सीएम की ओर से अनुमति मिल जाएगी।
समिति के अध्यक्ष सूबेदार मेजर दिनेश चंद्र सकलानी ने कहा कि संस्था पूर्व सैनिकों और उनके परिजनों को लेकर कार्य कर रही है। इसके लिए अनेक कार्य किए जा रहे हैं। समिति के महासचिव ऋतुराज चौहान ने समिति की ओर से किए जा रहे सामाजिक कार्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन दीपक जखमोला ने किया।
------------------
विद्युत कटौती से जल्द मिलेगी निजात
हरिद्वार। कार्यक्रम में पहुंचे सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने पत्रकारों की ओर से पूछे गए विद्युत कटौती के सवाल का जवाब देते हुए कहा कि इस बात को लेकर सीएम बहुत चिंतित हैं। वह लगातार बिजली कटौती को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे हैं। जिससे जल्द ही विद्युत कटौती से लोगों को निजात मिल जाएगी।
---------------
मंत्री ने किया वीर नारियों को सम्मानित
मंत्री की ओर से कार्यक्रम में पहुंचे शहीद सैनिकों के परिजनों, वीर नारियों एवं वरिष्ठ पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उत्तरायण कला केंद्र कनखल, केयर कॉलेज ऑफ नर्सिंग, रोहाल्की, सेवा भारती के बच्चों की ओर से देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। जिससे इन बच्चों को भी पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
-----------------
ये रहे प्रमुख लोग शामिल
कार्यक्रम में महंत रघुवीर दास, स्वामी दिनेशानंद, स्वामी आनंद स्वरूप, महामंडलेश्वर स्वामी ललितानंद, बीएस शर्मा, शिवनंदन, मुकेश कुमार चंदोलिया, मनोज भट्ट, देवेंद्र सिंह थापा, राजेंद्र सिंह रावत, नंदन सिंह कथायत, प्रकाश चंद्र भट्ट, ओम प्रकाश थापा, जितेंद्र सिंह असवाल, सत्येश्वर बडोनी, पीके शर्मा, मनोज कुमार शर्मा, अरविंद कुमार शुक्ला, अतुल कुमार, विनोद कुमार अग्रवाल, विजय शंकर चौबे, योगेंद्र पुरोहित आदि मौजूद रहे।