नगर कोतवाली पुलिस की गिरफ्त में हर की पेडी स्थित मंदिर से चोरी करने वाला आरोपी।
- फोटो : HARIDWAR
हरकी पैड़ी ब्रह्मकुंड स्थित लक्ष्मी नारायण मंदिर के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर चोर ने भगवान की चरण पादुका, नकदी और श्रृंगार के गहने उड़ा लिए। सूचना पर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद चोर की शिनाख्त कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
नगर कोतवाल राकेंद्र कठैत के मुुताबिक भीमगोड़ा के खेमानंद मार्ग गुसाईं गली निवासी मोहन उपाध्याय ने हरकी पैड़ी पुलिस चौकी पर शिकायत देकर बताया कि बृहस्पतिवार देर रात को अज्ञात व्यक्ति ने ब्रह्मकुंड स्थित लक्ष्मी नारायण मंदिर के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर भगवान की चरण पादुका श्रृंगार के गहने व नकदी चुरा ली है। हरकी पैड़ी स्थित मंदिर में हुई चोरी की घटना के बाद एसएसपी डॉ. योगेंद्र सिंह रावत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक नगर कमलेश उपाध्याय और सीओ सिटी अभय प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण में नगर कोतवाली पुलिस की टीमों का गठन किया। पुलिस ने हरकी पैड़ी, रोड़ी बेलवाला एवं आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की। रोड़ी बेलवाला क्षेत्र में रह रहे खानाबदोश लोगों से पूछताछ की गई। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी दीपक शर्मा निवासी जगाधरी यमुनानगर हरियाणा हाल निवासी झुग्गी झोपड़ी रोड़ी बेलवाला को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से चोरी का सामान भी बरामद कर लिया है। एसपी सिटी कमलेश उपाध्याय ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया है।