कनखल में हाईवे के पास पेयजल लाइन की मरम्मत के लिए खुदाई करता कर्मचारी।
- फोटो : HARIDWAR
कनखल के कई इलाकों में पिछले चार दिन से तीन हजार की आबादी के गले बिना पानी के सूख गए। पेयजल लाइन में फाल्ट होने से पानी की सप्लाई ठप हो गई। जिससे पानी के लिए हाहाकार मच गया। लोगों को पानी के लिए तरसना पड़ा। जबकि पेयजल लाइन में फाल्ट ढूंढने में जल संस्थान के कर्मचारियों के पसीने छूट गए। 48 घंटे बाद जाकर लाइन में फाल्ट मिल पाया। जिसके बाद मरम्मत शुरू की गई। देर शाम तक आपूर्ति ठप रही। जल संस्थान ने वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर क्षेत्र में टैंकर भिजवाए।
पिछले चार दिन से कनखल के मिश्रा गार्डन और गुलाब बाग, निर्मल विहार कॉलोनी के 250 से ज्यादा परिवार पानी के लिए तरस गए। पहले दिन पानी की सप्लाई पूरा दिन बंद रहने के बाद जब लोगों का सब्र जवाब दे गया तो जल संस्थान के अधिकारियों को शिकायत की गई। इसके बाद जल संस्थान ञकी टीम पेयजल लाइन की जांच करते हुए फाल्ट ढूंढने में जुट गई। लेकिन दो दिन तक कर्मचारियों को लाइन में फाल्ट नहीं मिल पाया। रविवार को 48 घंटे बाद जाकर लाइन में फाल्ट मिल सका। हाईवे की ओर से कनखल जा रही आठ इंच की लाइन में अंदर ही अंदर फाल्ट होने से समस्या खड़ी हो रही थी। सुबह ही कर्मचारी मरम्मत में जुट गए।
पेयजल लाइन में फाल्ट नहीं मिल पा रहा था। जिससे थोड़ी परेशानी खड़ी हुई। लाइन की मरम्मत शुरू करवा दी गई। मरम्मत के बाद जलापूर्ति सुचारु करा दी जाएगी। क्षेत्र में वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर टैंकर भेजे गए हैं।
- मदन सेन, अधिशासी अभियंता जल संस्थान