गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय व आईआईएमटी विश्वविद्यालय मेरठ भेषज विज्ञान के क्षेत्र में मिलकर कार्य करेंगे। इसके लिए गुरुकुल कांगड़ी के कुलपति प्रो. रूपकिशोर शास्त्री व आईआईएमटी के कुलपति प्रो. एचके सिंह ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए।
इस मौके पर कुलपति प्रो. रूपकिशोर शास्त्री ने कहा कि गुरुकुल कांगड़ी भारतीय संस्कृति का संवाहक रहा है। यहां पर देश के युवाओं को संस्कारित कर संस्कारवान नागरिक के रूप में शिक्षित किया जाता है। आज हुए इस एमओयू के माध्यम से दोनों संस्थान अपने-अपने तकनीकी व शोध अनुसंधान ज्ञान के माध्यम से आपस में मिलकर एक दूसरे के साथ आगे बढे़ंगे। जिसका लाभ आने वाले समय में दोनों संस्थाओं के छात्रों को मिलेगा।
आईआईएमटी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एचएस सिंह ने कहा कि एमओयू के माध्यम से भेषज विज्ञान के क्षेत्र में नई विद्या, विकसित करने का मार्ग प्रशस्त होगा। दोनों संस्थाओं के वैज्ञानिक व शोध अनुसंधान के क्षेत्र में मिलकर अधिक गति से अनुसंधान कार्य करेंगे। इस मौके पर गुरुकुल कांगड़ी विवि के कुलसचिव डॉ. सुनील कुमार ने विवि में किये जा रहे शोध कार्यों के बारे में बताया। इस मौके पर भेषज विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. सत्येंद्र राजपूत, अभिनव कुमार, डॉ. विपिन कुमार, डॉ. कपिल गोयल, डॉ. पंकज कौशिक, कुलभूषण शर्मा, बिजेंद्र सिंह, डॉ. रोशन लाल आदि मौजूद रहे।