चिड़ियापुर बॉर्डर पर यात्रियों की कोरोना की जांच करते हुए ।
- फोटो : HARIDWAR
कोरोना के नए वेरिएंट को लेकर प्रदेश में फिर से सख्ती होनी शुरू हो गई। इसके साथ ही जिले में बॉर्डर पर स्वास्थ्य विभाग ने फिर से जांच बढ़ा दी है। बाहरी प्रदेशों से आने वाले लोगों को जांच करवाने और दोनों डोज लगने का सर्टिफिकेट देखकर ही प्रवेश करने दिया जा रहा है।
श्यामपुर थाना क्षेत्र में स्थित लाहड़पुर और चिड़ियापुर बॉर्डर पर दूसरे राज्यों से आने वाले यात्रियों की कोरोना जांच करने के बाद ही प्रवेश करने दिया जा रहा। लाहड़पुर में दो बजे तक 55 और चिड़ियापुर में 53 लोगों की मेडिकल टीम ने एंटीजन जांच की गई। चिड़ियापुर बॉर्डर व लाहड़पुर में बाहरी राज्यों से आ रहे वाहनो को रोककर कोरोना की दूसरी डोज की रिपोर्ट दिखाने के बाद ही हरिद्वार में प्रवेश करने दिया जा रहा। जिन लोगों के पास दूसरी डोज की रिपोर्ट नही है उनका एंटीजन टेस्ट किया जा रहा है। टेस्ट कराने को लेकर यात्रियों की मेडिकल टीम से झड़प भी हो रही है। मेडिकल टीम को जांच करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
मेडिकल टीम लीडर पंकज कुमार ने बताया कि बाहरी लोगों की जांच की जा रही हैं। जिन लोगों के पास दूसरी डोज लगाने का प्रमाणपत्र नहीं होता उनकी एंटीजन जांच कराई जा रही है। थानाध्यक्ष श्यामपुर अनिल चौहान ने बताया की चिड़ियापुर व लाहड़पुर बार्डर पर पुलिस की व्यवस्था की जाएगी।