नगर आयुक्त को ज्ञापन देते व्यापारी ।
- फोटो : HARIDWAR
ज्वालापुर क्षेत्र के बाजारों में पार्किंग, साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट और अतिक्रमण जैसी समस्याओं से आक्रोशित व्यापारियों ने मुख्य नगर आयुक्त दयानंद सरस्वती को ज्ञापन सौंपा। व्यापारियों ने कहा कि ज्वालापुर पंचपुरी का सबसे व्यस्ततम बाजार है। सर्वाधिक राजस्व भी इसी बाजार से जमा होता है। इसके बाद भी बाजार उपेक्षित है।
शहर व्यापार मंडल ज्वालापुर अध्यक्ष विपिन गुप्ता ने कहा कि बाजारों मे रेहड़ी, ठेली वालों ने जगह-जगह सड़क किनारे कब्जा किया है। ई-रिक्शा जहां तहां खड़े होते हैं। इससे जाम लगता है। रेहड़ी-ठेली वालों के लिए क्षेत्रवार वेंडिंग जोन बनाया जाए। रेहड़ी-ठेली वालों का पंजीकरण और पुलिस सत्यापन कराया जाए। उन्होंने कहा कि कई व्यापारियों ने अपनी दुकान के बाहर अस्थायी दुकानें किराया पर उठा दी हैं।
महामंत्री विक्की तनेजा ने कहा कि ज्वालापुर रेलवे फाटक से रेलवे स्टेशन के मध्य निगम एवं कूड़ा उठाने वाली कंपनी ने कूड़ा डालने का केंद्र बना दिया गया है। इससे आसपास के दुकानदारों का व्यापार प्रभावित हो ही रहा है। नगर आयुक्त ने आश्वासन दिया कि समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
------------------------------
पार्षद के निधन के बाद ठप हुए विकास कार्य
हरिद्वार। व्यापारियों ने कहा कि वार्ड नंबर 60 (हरिलोक) के पार्षद अर्जुन चौहान का मई माह में निधन हो गया। तभी से वार्ड के विकास कार्य ठप हैं। कालोनियों में स्ट्रीट लाइटें खराब पड़ी हैं।