हरिद्वार। चतुर्थ श्रेणी राज्य कर्मचारी संघ (चिकित्सा स्वास्थ्य सेवाएं) के आह्वान पर कर्मचारियों ने मांगों के समर्थन में आंदोलन की अगली कड़ी में सोमवार से गेट मीटिंग के साथ जनजागरूण की शुरुआत कर दी है। संघ पदाधिकारियों ने कहा कि मांगें पूरी नहीं होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
प्रदेश अध्यक्ष दिनेश लखेड़ा और महामंत्री सुनील अधिकारी ने कहा कि 29 जुलाई को मांगों के समर्थन में महानिदेशक की अध्यक्षता में निदेशक, सहायक निदेशक और संगठन के प्रदेश पदाधिकारियों के बीच समझौता हुआ था। आज तक समझौते का कार्यवृत्त जारी नहीं हुआ। प्रदेश उपाध्यक्ष नेलसन अरोड़ा और प्रवक्ता शिवनारायण सिंह ने कहा कि 16 अगस्त से 21 अगस्त तक गेट मीटिंग कर जनजागरण किया जाएगा। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत को ज्ञापन दिया जाएगा। कोषाध्यक्ष राकेश चंद्र और उपशाखा अध्यक्ष छत्रपाल सिंह ने कहा कि महानिदेशालय प्रशासन ने अड़ियल रवैया अपनाया है। इससे कर्मचारियों में आक्रोश बढ़ रहा है। जिला मंत्री राकेश भंवर और प्रदेश ऑडिटर महेश कुमार ने कहा कि आंदोलित कर्मचारी जल्द ही आमरण अनशन पर बैठेंगे।
गेट मीटिंग के दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष दीपक धवन, गुरुप्रसाद गोदियाल, राकेश चंद्र, ताजबर सिंह, अरुण कुमार, प्रवीण, राजकिशोर, छत्रपाल सिंह, अनिल कुमार, त्रिभुवन पाल, नवीन, सुरेंद्र कश्यप, दिनेश गुसाईं, सुनील अधिकारी, सतवीर, ममता, कमलेश और नीलम मौजूद रहे।