सीवर के ढक्कन से टकराकर बाइक सवार हुआ था गंभीर घायल
हरिद्वार। उत्तरी हरिद्वार में सर्विस रोड पर सड़क से ऊपर उठे सीवर के ढक्कन के कारण गिरकर गंभीर रूप से घायल हुए बाइक सवार तुषार कपिल के मामले में लोगों का रोष बढ़ता जा रहा है। हादसे के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) और संबंधित परियोजना प्रबंधक को जिम्मेदार ठहराते हुए स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने सप्तऋषि चौकी प्रभारी को तहरीर दी। तुषार का देहरादून के सीएमआई अस्पताल में उपचार चल रहा है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
शिकायत के अनुसार, तुषार कपिल बाइक से सर्विस रोड से गुजर रहे थे। इसी दौरान सड़क से ऊपर उठे सीवर के ढक्कन से उनकी बाइक टकरा गई। हादसे में उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि सड़क पर सीवर का ढक्कन ऊपर उठा होने के बावजूद संबंधित अधिकारियों ने उसे ठीक कराने की जहमत नहीं उठाई। इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए उन्होंने पुलिस से एनएचएआई और संबंधित परियोजना प्रबंधक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
इस दौरान पूर्व राज्य मंत्री अरविंद शर्मा, महानगर अध्यक्ष अमन गर्ग, कांग्रेस के पूर्व शहर अध्यक्ष रवि बाबू शर्मा, कांग्रेस नेता वरुण वालियान, पहाड़ी महासभा अध्यक्ष तरुण व्यास, पार्षद हिमांशु गुप्ता, पूर्व पार्षद राजीव भार्गव, मोहित शर्मा, नवीन भाटिया, शुभम जोशी, करण सिंह राणा, सन्नी मल्होत्रा, बलराम कड़क और ओम प्रकाश मौजूद रहे।