हरकी पैड़ी में रामनवमी पर गंगा आरती में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़।
- फोटो : HARIDWAR
वीकेंड के साथ ही रामनवमी होने के चलते धर्मनगरी में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। हाईवे से लेकर शहर के अंदर वाहनों का दबाव बढ़ने से जाम लग गया। सभी पार्किंग वाहनों से खचाखच भरी रही। हरकी पैड़ी सहित आसपास के गंगा घाट श्रद्धालुओं से पैक रहे। मंदिरों में पूजा-अर्चना करने के बाद श्रद्धालुओं ने हरकी पैड़ी पर गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। स्नान करने के बाद बाजारों में खरीदारी की।
शनिवार की शाम से ही धर्मनगरी में श्रद्धालु उमड़ने शुरू हो गए थे। ट्रेन और बसों के अलावा निजी वाहनों से भी काफी संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचे। वीकेंड होने के साथ ही रामनवमी पर धर्मनगरी में पहुंचकर माता के मंदिरों के दर्शन किए। शनिवार की शाम से लेकर रविवार की दोपहर तक हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब सहित कई राज्यों के श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचे। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए हाईवे के साथ ही शहर के अंदर जगह-जगह पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे। लेकिन इसके बाद भी देहरादून-दिल्ली हाईवे और सर्विस रोड पर दिनभर वाहनों का दबाव बढ़ने से जाम लगता रहा। जबकि शहर के अंदर बिरला पुल के समीप से निरंजनी अखाड़ा जाने वाले मार्ग पर भी जाम लग गया। इसी तरह पोस्ट ऑफिस से पहले जिला अस्पताल के पास और वाल्मीकि चौक, बिल्वकेश्वर रोड पर जाम ने परेशानी बढ़ाए रखी।
गंगा आरती में भी उमड़ी भीड़
अधिकांश श्रद्धालु हरकी पैड़ी पर संध्याकालीन आरती में शामिल हुए। ऐसे में शाम को हरकी पैड़ी पर गंगा आरती के दौरान काफी भीड़ उमड़ी।
प्रसाद से लेकर कपड़ों ही खरीदारी
श्रद्धालुओं ने हरकी पैड़ी के पास से प्रसाद खरीदने के साथ ही मोती बाजार, अपर रोड, विष्णु घाट, रामघाट, सब्जी मंडी बाजार में कपड़ों के साथ ही कई तरह के सामानों की खरीदारी की।