नए सत्र से सरकारी स्कूलों में प्रधानाध्यापकों और जूनियर हाईस्कूल में अध्यापकों का टोटा दूर करने के लिए प्रमोशन सूची तैैयार कर ली गई है। सोमवार को सूची पर अफसरों की मुहर लगने उसे मंगलवार को जारी कर दिया जाएगा।
जनपद के राजकीय प्राथमिक विद्यालयों में प्रधानाध्यापकों की कमी बनी हुई है। इसके कारण स्कूलों में सहायक अध्यापकों को ही प्रधानाध्यापक का चार्ज दिया गया है। जिससे उन्हें पढ़ाने के साथ ही अन्य कार्य करने पड़ रहे हैं। दूसरी तरफ जूनियर हाईस्कूलों में शिक्षकों का भी अभाव बना हुआ है। स्कूलों में इस कमी को दूर करने के लिए शिक्षकों को प्रमोशन करने की मांग सालों से की जा रही थी। पिछले साल शुरू हुई प्रक्रिया कोविड और आचार संहिता के चलते रुक गई थी।
अब जिला स्तरीय बैठक कराने के बाद सूची को तैयार कर लिया गया है। इसमें अब 31 मार्च को रिटायर हुए प्रधानाध्यापकों की जगह भी सहायक अध्यापकों का प्रमोशन कर लिया गया है। जिससे 173 सहायक अध्यापकों का प्रमोशन किया जा रहा है। इसमें 97 सहायक अध्यापकों को प्रधानाध्यापक बनाया जा रहा है। वहीं, 76 सहायक अध्यापकों को जूनियर स्कूलों में प्रमोशन कर अध्यापक बनाया जाएगा।
मुख्य शिक्षा अधिकारी एसपी सेमवाल का कहना है कि वरिष्ठ सहायक अध्यापकों को प्रमोशन कर राजकीय प्राथमिक विद्यालयों में प्रधानाध्यापक और जूनियर हाईस्कूलों में अध्यापकों को तैनाती देने के लिए एक-दो दिन में ही सूची जारी कर दी जाएगी।