हरिद्वार। सीआईएसफ के फायरमैन परीक्षा के दौरान गिरफ्त में आए मुन्ना भाई की असलियत जानने को रानीपुर पुलिस ने उसके गांव गई है। अभिरक्षा से भाग निकले दूसरे आरोपी की तलाश में जल्द पुलिस टीम मथुरा के लिए रवाना होगी।
रविवार को सीआईएसफ कर्मचारियों ने फायरमैन पद की लिखित परीक्षा देने आए दो मुन्ना भाई धरे गए थे। सीआईएसएफ के जवान जब आरोपियों को लेकर कोतवाली पहुंचे थे तब एक चकमा देकर भाग निकला था। सीआईएसएफ कर्मचारियों एवं पुलिस की संयुक्त कोशिश के बाद भी आरोपी हाथ नहीं आ सका था। देर शाम सीआईएसएफ के निरीक्षक कविंद्र रावत की ओर से अमिताभ पुत्र सोमपाल निवासी गांव मधोपुर थाना ननौता जिला सहारनपुर एवं नितेश चौधरी पुत्र शशिभूषण निवासी गांव बहाद देवनगर माट जिला मथुरा यूपी के खिलाफ संबधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था। सीआईएसफ का आरोप था कि परीक्षा देने आए इन अभ्यर्थियों के अंगुठे के निशान एवं फोटो मेल नहीं खा रहे थे। हालांकि, पुलिसिया पूछताछ में पकड़े गए युवक ने खुद को अमिताभ होने का दावा किया था। कोतवाली प्रभारी योगेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस टीम को अमिताभ के गांव भेजा है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि युवक अमिताभ है या नहीं। क्योंकि वह खुद को अमिताभ बता रहा है। कही कोई निर्दोष जेल न चला जाए इसलिए पुष्टि की जा रही है।