हरिद्वार। हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर खड़ी ट्रेन की बोगी में आग लगाने के आरोपी सुभाष चंद्रन के हरिद्वार में ठिकानों को चिह्नित कर लिया गया है। इसी के साथ शहर में आरोपियों के संबंधों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ऐसे संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर सकती है। जिस लोगों के यहां आरोपी सुभाष चंद्रन का आना जाना था। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच में जुटी है।
बीते चार नंबवर को प्लेट फार्म नबंर नौ पर खड़ी एक पैसेंजर ट्रेन की बोगी में आग लगा दी गई थी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। ट्रेन में आग लगाने के आरोपी सुभाष चंद्रन निवासी तमिलनाडु को पुरी (ओडिसा) में वहां की पुलिस ने पकड़ लिया था। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने हरिद्वार रेवले स्टेशन पर एक ट्रेन में आग लगाने की बात कबूल की थी। पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया था कि आरोपी हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर खड़ी पैसेंजर ट्रेन में आग लगाकर स्टेशन पर दहशत फैलाना चाहता था।
ऐसी घटनाओं के लिए आरोपी को मोटी रकम दी जाती है। पुलिस जांच में यह भी सामाने आया है कि ट्रेन में आग लगाने का आरोपी एक गिरोह में काम करता है। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए शहर में आरोपी सुभाष चंद्रन के ठिकानों को चिह्नित कर लिया है। पुलिस गुपचुप तरीके से ऐसे लोगों से भी पूछताछ कर रही है, जिन लोगों के पास आरोपी सुभाष चंद्रन का आना जाना था। पुलिस शहर में आरोपी के गिरोह के सदस्यों की भी पड़ताल करने में जुटी है। आईजी संजय गुंज्याल ने बताया कि इस बारे में अभी जांच चल रही है। शीघ्र ही इसमें और नए खुलासे होंगे।