हरिद्वार। प्रेम प्रसंग को लेकर दो परिवारों के बीच चला आ रहा विवाद कोतवाली पहुंच गया। करीब दो घंटे तक चली ऊहापोह के बाद पुलिस ने युवक, उसके दो भाईयों का शांतिभंग में चालान कर दिया।
मामला ज्वालापुर के मोहल्ला नीलखुदाना का है। मोहल्ले के रहने वाले यूसुफ का पास की रहने वाली एक युवती से प्रेम प्रसंग चला आ रहा था। सोमवार को युवक-युवती के फरार होने के अंदेश पर युवक-युवती पक्ष के लोग आमने सामने आ गए। इसी बीच प्रेमी युगल भी मौके पर पहुंच गया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को कोतवाली ले आई। कोतवाली कैंपस में भी दोनों परिवार एक दूसरे से उलझते रहे। इधर, युवती अड़ी रही कि वह युवक से ही निकाह करेगी। आखिर में पुलिस ने युवक यूसुफ, उसके भाई यूनुस एवं नफीस का शांतिभंग में चालान कर दिया। एसएसआई कमल मोहन भंडारी ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर युवती का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है, अग्रिम कार्रवाई कोर्ट के आदेश के बाद की जाएगी।