अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
प्राइवेट कार से रात्रि चेकिंग पर निकली एसपी सिटी ममता वोहरा ने रानीपुर क्षेत्र की सलेमपुर पिकेट पर कांस्टेबल को ट्रकों को रोककर उगाही करते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया। उन्होंने सिपाही को जमकर फटकार लगाने के साथ ही उसे हाजिर कर दिया।
एसपी सिटी ममता वोहरा रविवार देर रात प्राइवेट वाहन से चेकिंग पर निकली। वह जब भेल से होते हुए गैस प्लांट चौकी से आगे पहुंची तो देखा कि सलेमपुर पिकेट के पास ट्रकों की लाइन लगी हुई है। चूंकि पिकेट होने से जाम की स्थिति बनने का प्रश्न ही नहीं होता, इसलिए एसपी सिटी कार से नीचे उतरकर पैदल ही आगे बढ़ गई। वह तब दंग रह गई जब सिपाही चंदन सिंह बिष्ट ट्रक चालकों से उगाही में व्यस्त था। एसपी सिटी ने जब उसे डांटा तब वह सकपका गया। उसने खुद ही अपनी गलती कबूल कर ली। एसपी सिटी ने पूरे मामले की जानकारी एसएसपी को दी तो तत्काल प्रभाव से सिपाही को लाइन हाजिर कर दिया गया। एसपी सिटी ने पुष्टि करते हुए बताया कि सिपाही वसूली कर रहा था लेकिन कितने पैसे वसूल किए गए इस बारे में जांच कर रहे है।