हरिद्वार। लक्सर के कारोबारी ने ज्वालापुर के एक व्यक्ति के खिलाफ 13.50 लाख की रकम का गबन कर लेने का आरोप लगाते हुए कोतवाली ज्वालापुर में तहरीर दी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
लक्सर के केशव नगर सोसायटी रोड निवासी मनोज गोयल पुत्र जयप्रकाश की लक्सर में ही अर्पित इलेक्ट्रॉनिक्स के नाम से दुकान है। आरोप है कि फरवरी 2018 में उसने राम अवतार यादव निवासी सुभाषनगर ज्वालापुर से कोपल कर्नाटका साइट कंपनी के सोलर पावर के एसी एवं सीडी के काम के लिए अनुबंध किया था। बताया कि उसकी फर्म ने करीब 23 लाख की रकम का कार्य किया, जिसकी एवज में कुछ रकम उसे मिल भी गई। आरोप है कि राम अवतार यादव ने उसके हिस्से के शेष रह गई करीब साढ़े तेरह लाख की रकम अब भी नहीं लौटाई है। आरोप है कि पुल जटवाड़ा पर मिले राम अवतार यादव ने रकम मांगने पर गाली गलौज करते हुए हत्या करने की धमकी दी। एसएसआई विकास भारद्वाज ने बताया कि पीड़ित पक्ष की ओर से मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।