ब्यूरो/अमर उजाला, हरिद्वार। विशेष अनुसंधान शाखा के एसआई ने कनखल में हुई भूमि संबंधी एक धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया है। खास की बात यह है कि शिकायतकर्ता ही पुलिस की जांच में आरोपी पाया गया।
कनखल के मोहल्ला शेखपुरा के रहने वाले महिपाल पुत्र चंद्रभान सिंह ने ज्ञानलोक कालोनी में उसकी भूमि से जुड़ी धोखाधड़ी के संबंध में शिकायत की थी। एसआईएस के एसआई भवानी शंकर पंत ने जब प्रार्थना पत्र की जांच शुरू की तो पता चला कि जिस भूमि को लेकर धोखाधड़ी होने की बात कही गई है, वह शिकायतकर्ता के पिता ने कई वर्ष ही एक क्षेत्रवासी को बेच दी थी। लेकिन राजस्व अभिलेखों में अभी भी महिपाल सैनी के पिता का नाम चला आ रहा था। आरोप है कि महिपाल सैनी ने राजस्व अभिलेखों में अपना दर्ज करा लिया फिर उसे भूमि का मुख्तयारनामा कर लिया। फिर उसके बाद जमीन की रजिस्ट्री कई लोगों के नाम होती रही और उस पर बाकायदा बैंकों से लोन लेने का सिलसिला भी चलता रहा। एसआईएस के एसआई ने शिकायतकर्ता के आरोपी पाए जाने के बाद कनखल थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया। एसओ कनखल हरिओमराज चौहान ने बताया कि महिपाल सैनी, तरनजीत सिंह पुत्र कुलवंत सिंह निवासी, उसकी पत्नी गुरमीत कौर निवासीगण गांव सहदेवपुर पथरी, संजय दीक्षित निवासी शिप्रा विहार सहस्त्रधारा रोड देहरादून, पंकज त्यागी पुत्र अवनीश त्यागी निवासी बीटी गंज रुड़की, मुकेश गर्ग पुत्र जयप्रकाश गर्ग निवासी सिविल लाइन सुनहरी भवन रुड़की, ब्रिजेश चौहान पुत्र हरीशचंद्र चौहान निवासी अतमलपुर बौगला के खिलाफ प्रभावी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।