हरिद्वार। कांग्रेस के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष एवं जिला प्रभारी तिलक राज बेहड़ के हरिद्वार देहात और बहादराबाद विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं की बैठक में बृहस्पतिवार को कांग्रेसियों की गुटबाजी खुलकर सामने आ गई। बेहड़ के सामने ही कांग्रेसी आपस में भीड़ गए। हंगामा देख बेहड़ ने मंच पर माइक छोड़ दिया। दो नेताओं के समर्थकों के बीच तीखी नोकझोंक होने पर बमुश्किल मामला शांत हुआ।
2022 के चुनाव को लेकर कांग्रेस ने हरिद्वार जिले में विधानसभावार तैयारियों को लेकर बैठकों का दौर शुरू कर दिया है। हरिद्वार और रानीपुर विधानसभा की बैठकों के बाद बृहस्पतिवार को बहादराबाद स्थित एक बैंक्वेट हॉल में हरिद्वार ग्रामीण और बहादराबाद विधानसभा के कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। इसमें दोनों विधानसभाओं के संभावित प्रत्याशी और वरिष्ठ नेताओं के अलावा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बहादराबाद बूथ स्तर समिति और हरिद्वार ग्रामीण एवं ज्वालापुर विधानसभा की समीक्षा के दौरान दो कांग्रेेसी नेता आपस में भिड़ गए। दोनों नेता एक-दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगाने लगे। इस बीच दोनों के समर्थकों में तीखी नोकझोंक हुई। मंच से तिलकराज बेहड़ दोनों नेताओं को चुप करवाने की कोशिश करते रहे, लेकिन नेताओं के हंगामे से बेहड़ माइक छोड़कर पीछे हट गए। पूर्व दर्जाधारी डॉ. संजय पालीवाल और रवि बहादुर ने दोनोें नेताओं को बमुश्किल शांत करवाया। इसके बाद कार्यक्रम हुआ।
---------------------------
हाईकमान को सौंपी जाएगी गुटबाजी की रिपोर्ट
कांग्रेस नेताओं की गुटबाजी से जिला प्रभारी ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि अनुशासनहीनता कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने दो टूक कहा कि टिकट उसी को मिलेगा, जो जनता के बीच काम करने वाला होगा। गुटबाजी की रिपोर्ट हाईकमान को सौंपी जाएगी।
फोटो
कांग्रेस में ही सभी वर्गों का हित सुरक्षित : बेहड़
हरिद्वार। कांग्रेस के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष एवं जिला प्रभारी तिलकराज बेहड़ ने भूपतवाला स्थित राधा कृष्ण धाम पहुंचकर पूर्व पालिका अध्यक्ष सतपाल ब्रह्मचारी से भेंट की। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा की।
तिलक राज बेहड़ ने कहा कि कांग्रेस पार्टी में ही सभी वर्गों का हित सुरक्षित है। भाजपा सरकार की रीति, नीतियों से जनता बुरी तरह त्रस्त हो चुकी है। महंगाई, बेरोजगारी जैसे मुख्य मुद्दों को हल करने में भाजपा सरकार विफल रही है। वर्तमान में पूरा देश कांग्रेस की ओर देख रहा है। विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी भारी बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। पूर्व पालिका अध्यक्ष सतपाल ब्रह्मचारी ने कहा कि मोदी सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। कृषि प्रधान देश में देश के अन्नदाता किसानों की अनदेखी की जा रही है। इस दौरान विवेक भूषण, सुभाष माहेश्वरी, विकास चंद्रा, अमन गौड़, अरविंद शर्मा, नितिन यादव, आकाश भाटी, अनुज गर्ग और मनीष कर्णवाल मौजूद रहे।