यदि आप ट्रेन में सफर करने जा रहे है तो अपना कंबल और तकिया साथ लेकर जाएं। रेलवे बोर्ड के आदेश के दस दिन बाद भी ट्रेनों में कंबल व तकिया नहीं मिल रहा है। यात्री रेलवे की वेबसाइट पर अपनी शिकायत भी दर्ज करा रहे हैं। मुरादाबाद रेल मंडल के अधिकारियों का कहना है कि 21 मार्च से बरेली-भुज एक्सप्रेस ट्रेन में यात्रियों को कंबल, तकिया व परदे की सुविधा उपलब्ध करा दी गई है।
कोरोनाकाल के चलते दो वर्ष तक भारतीय रेलवे ने विभिन्न लंबी दूरी की रेलगाड़ियों में सफर करने वाले यात्रियों को बेड रोल देना बंद कर दिया था। अब कोरोना संक्रमण कम होने पर रेलवे बोर्ड ने 10 मार्च को रेल यात्रियों को राहत देते हुए रेलगाड़ियों के अंदर लिनन, कंबल और पर्दे की सुविधा को फिर से शुरू करने का आदेश जारी कर दिया है। जबकि इस आदेश के दस दिन बीत जाने के बाद भी हरिद्वार रेलवे स्टेशन से रवाना होने वाली रेलगाड़ियों में यात्रियों को बेड रोल नहीं दिया जा रहा है। रेलकर्मियों का कहना है कि जब तक उन्हें बेड रोल सौंपा नहीं जाता तब तक वे यात्रियों तक बेड रोल कैसे देंगे।
कोट
वर्तमान में गाड़ी संख्या 14321 बरेली-भुज एक्सप्रेस में 21 मार्च से बेडरोल की सुविधा दोबारा शुरू कर दी गई है। जिन ट्रेनों में बेडरोल सुविधा बहाल की जाएगी उसकी सूचना यात्रियों को एसएमएस, सोशल मीडिया व समाचार पत्रों के माध्यम से दी जाएगी। - सुधीर सिंह, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उत्तर रेलवे, मुरादाबाद मंडल