बंद मकान के ताले तोड़कर चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही उसके फरार साथी की तलाश में पुलिस जुटी है। आरोपी के पास से पुलिस ने चोरी का कुछ सामान भी बरामद किया है। उसे जेल भेज दिया गया है।
कोतवाल रानीपुर कुंदन सिंह राणा ने बताया कि सुमननगर निवासी गौतम ने शिकायत देकर बताया था कि वह अपनी पत्नी के साथ 20 अक्तूबर को अपने भाई की पत्नी की डिलीवरी कराने एम्स ऋषिकेश गए हुए थे। 23 अक्तूबर को वह वापस आए तो बेड पर सामान बिखरा पड़ा था। सूटकेस से सोने का लॉकेट, एक जोड़ी कुंडल, लांग, चांदी की पायल व बच्चों के दो जोड़ी कड़े गायब थे।
अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच सुमननगर चौकी प्रभारी प्रमोद नेगी को सौंपी गई थी। कोतवाल कुंदन सिंह राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने खोजबीन करने के बाद मुखबिर की सूचना पर हसनैन उर्फ भूरा निवासी ग्राम गढ़, रानीपुर हरिद्वार को सूखी नदी के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने चोरी की घटना कुबूल करते हुए एक जोड़ी कुंडल, दो ब्रेसलेट, चार कड़े बरामद कराए। उसने बताया कि उसने गांव के अपने साथी अली नवाज उर्फ माज के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया था। पुलिस टीम में कांस्टेबल संजय तोमर और महेंद्र तोमर भी शामिल रहे।