विदेशी फेसबुक फ्रेंड से महंगे उपहार लेने के चक्कर में रानीपुर क्षेत्र का एक युवक ठगी का शिकार हो गया। साइबर ठगों ने उससे 60 हजार रुपये ठग लिए। युवक की शिकायत के बाद साइबर सेल एक्टिव हो गया है।
कोतवाली क्षेत्र में रहने वाले व सिडकुल की एक फैक्टरी में काम करने वाले युवक की फेसबुक आईडी पर कुछ दिनों पहले एक विदेशी युवती की फ्रेंड रिक्वेस्ट आई। इसके बाद युवती बने साइबर ठगों ने उसे विदेश से महंगी घड़ी, कपड़े और डॉलर से भरा गिफ्ट बॉक्स भेजने की बात कही। युवक ने खुशी-खुशी अपना एड्रेस साइबर ठगों को बता दिया। इसके बाद युवक के मोबाइल पर कॉल आई।
बात करने वाले व्यक्ति ने बताया कि वह कस्टम आफिसर बोल रहा है और विदेश से उसके नाम पर एक गिफ्ट बॉक्स आया है, लेकिन इसे छुड़ाने के लिए कस्टम फीस के तौर पर 40 हजार रुपये देने होंगे। युवक ने झांसे में आकर 40 हजार रुपये एक बैंक खाते में डलवा दिए। इसके बाद ठगों ने उसे बताया कि बॉक्स का वजन ज्यादा है, इसलिए उसे 20 हजार रुपये और देने होंगे, नहीं तो पहले जमा कराए गए 40 हजार रुपये भी जब्त हो जाएंगे। मजबूरी समझकर युवक ने 20 हजार रुपये और डलवा दिए, इसके बाद मोबाइल नंबर संपर्क से बाहर हो गया। साथ ही फेसबुक पर विदेशी महिला की आईडी भी बंद मिली। एसएसपी डॉ. योगेंद्र सिंह रावत ने बताया कि इस मामले में साइबर सेल को एक्टिव किया गया है।