प्रसाद के नाम पर नशीला लड्डू खिलाकर नेपाली मूल के दो लोगों से 62 हजार की रकम लूट लेने का मामला सामने आया है। कई दिन बाद होश में आने पर पीड़ित पक्ष ने इस संबंध में चार आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
हरिद्वार कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराते हुए रविंद्र बिष्ट पुत्र राम बहादुर बिष्ट निवासी छतेश्वरी गांव पालीका सत्यान आंचल करनाली नेपाल ने बताया कि वह अपने साथी कृष्ण बहादुर चौधरी के साथ दो जुलाई को नेपाल जाने के लिए रुद्रप्रयाग से आ रहे थे। वहां पर वह दोनों दिहाड़ी मजदूरी करते हैं। उन्होंने बताया कि बस स्टैंड पर पहुंचने के बाद उन्हें नेपाल की बस नहीं मिली। बस में उनके साथ तीन लोग सफर कर रहे थे, जो खुद को नेपाली बता रहे थे। फिर वह उनके साथ शिव घाट पर चले गए, जहां एक नेपाली मूल व्यक्ति भी मिला। उसने प्रसाद के नाम पर लड्डू खाने को दिए जिसके बाद उन्हें होश न रहा। पांच जुलाई को होश आने पर खुद को जिला अस्पताल में भर्ती पाया। आरोप है कि उनके पास से 62 हजार रुपये और मोबाइल फोन लेकर चारों व्यक्ति फरार हो गए। कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।