चुनाव की तिथि नजदीक आने के साथ शराब की तस्करी बढ़ गई है। मतदाताओं को शराब बांटने के आरोप-प्रत्यारोप भी शुरू हो गए हैं। कांग्रेसियों की शिकायत पर पुलिस और आबकारी विभाग की टीम ने कनखल स्थित एक फ्लैट में छापा मारा। फ्लैट का ताला तोड़कर 24 पेटी शराब बरामद की गई। पुलिस ने एक महिला समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक कनखल स्थित एक फ्लैट में कुछ दिनों से एक गाड़ी से सामान उतारकर बंद कमरे में रखा जा रहा था। इसके बाद कमरे पर ताला लगाकर लोग लौट जाते थे। वाहन से सामान उतारे जाने की फ्लैट में रहने वाली एक महिला ने वीडियो बना ली। महिला ने संदिग्ध गतिविधियों की आशंका होने की सूचना कांग्रेस के प्रत्याशी सतपाल ब्रह्मचारी को दी। ब्रह्मचारी ने इसकी सूचना पुलिस को दी और स्वयं रात करीब एक बजे कार्यकर्ताओं के साथ फ्लैट में पहुंच गए। फ्लैट के कमरे में ताला लगा था। पुलिस की सूचना पर आबकारी विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई। संयुक्त टीम ने कमरे का दरवाजा तोड़ा तो अंदर अलग-अलग स्थानों पर 24 पेटी शराब बरामद हुई। शराब मिलने पर कांग्रेसियों ने कमरे के स्वामी और शराब तस्करी से जुड़े आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर जमकर हंगामा किया। कनखल पुलिस ने संदीप शर्मा निवासी उमा विहार जगजीतपुर समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जिस कमरे से शराब मिली वह संदीप शर्मा का बताया जा रहा है। संदीप शर्मा के अलावा पुलिस ने दिनेश कालरा निवासी हनुमानगढ़ी कनखल, वीरेंद्र, रवि, योगिता और एक अन्य अज्ञात निवासी कनखल को आरोपी बनाया है। वहीं, ज्वालापुर पुलिस ने 52 पव्वे देसी शराब के साथ युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस रात्रि में गश्त पर थी। पुलिस ने मुकेश जोशी निवासी शिवपुरम सुभाष नगर ज्वालापुर को 52 पव्वे देसी शराब पिकनिक मार्का बेचते गिरफ्तार किया है।