मंगलवार को विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद समेत 21 दावेदारों ने नामांकन किया। भाजपा के प्रत्याशियों के नामांकन के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहे। इसके अलावा जनपद की 11 विधानसभा सीटों के लिए 30 नामांकन पत्रों की खरीद भी की गई। भाजपा के प्रदेश मदन कौशिक ने अपना नामांकन पत्र दो सेट में जमा कराया।
मंगलवार को नामांकन करने से पहले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक और कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने हरकी पैड़ी पहुंचकर पूजा अर्चना की। यहां सीएम पुष्कर सिंह धामी भी शामिल हुए। इसके बाद यह लोग यहां से सीधे जिला मुख्यालय पहुंचे और नामांकन कराया।
इसके अलावा भेल रानीपुर सीट से भाजपा विधायक आदेश चौहान, बसपा के ओमपाल सिंह, सीपीआई के रमेश चंद्र धीमान, न्याय धर्म सभा से संदेश शर्मा और निर्दलीय के रूप में पंकज कुमार ने नामांकन पत्र जमा कराया। ज्वालापुर सीट से भाजपा विधायक सुरेश राठौर, आम आदमी पार्टी की ममता सिंह ने नामांकन पत्र दाखिल किया। भगवानपुर सीट से आजाद समाज पार्टी, सपा, बसपा और निर्दलीय ने नामांकन पत्र लिया। इस सीट से आम आदमी पार्टी के प्रेम सिंह ने अपना नामांकनपत्र जमा भी कराया।
झबरेड़ा के लिए से छह में से तीन भाजपा, एक-एक सपा, आम आदमी पार्टी व निर्दलीय ने नामांकन पत्र खरीदा। आजाद समाज पार्टी के जितेंद्र कुमार ने इस सीट से अपना नामांकन पत्र दाखिल भी किया। पिरान कलियर के लिए छह में से एक भारतीय जागृति पार्टी, पांच निर्दलियों ने नामांकन लिए। इस सीट के लिए न्याय धर्म सभा शीला राय, बसपा से सुरेंद्र सैनी ने नामांकन जमा कराया।
रुड़की के लिए पांच में से एक-एक बसपा, कांग्रेस, आजाद समाज पार्टी ने और दो निर्दलियों ने नामांकन पत्र प्राप्त किए। खानपुर के लिए किसी ने भी नामांकन नहीं खरीदा। यहां से भाजपा से विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन की पत्नी रानी देवयानी, आजाद समाज पार्टी कांशीराम से शमीम, आम आदमी पार्टी से मनोरमा त्यागी ने नामांकन पत्र जमा कराया। मंगलौर के लिए एक नामांकन पत्र भारतीय जन जागृति पार्टी ने लिया। यहां से बसपा के सरवत करीम अंसारी, आम आदमी पार्टी से नवनीत राठी और कल्पना चौधरी ने नामांकन जमा कराया। लक्सर से किसी न तो किसी ने नामांकन लिया और न ही जमा कराया गया। हरिद्वार ग्रामीण के लिए चार नामांकन कांग्रेस की तरफ से प्राप्त किए गए। भाजपा से कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद और आम आदमी पार्टी से नरेश शर्मा ने दो सेट और न्याय धर्म सभा से रूपेश कुमार नामांकन पत्र जमा कराया।
प्रदेश में इतिहास रचेगी जनता : सीएम
धनपुरा में स्वामी यतीश्वरानंद के चुनावी कार्यालय के उद्घाटन पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि इस बार के चुनाव में जनता इतिहास रचने जा रही है। प्रदेश में कराए गए विकास कार्यों के बल पर भाजपा फिर से सत्ता में आएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने किसानों को समय पर गन्ना भुगतान कराया है। इससे किसानों को हर साल की तरह अब गन्ना भुगतान के लिए नहीं भटकना पड़ रहा है। इस मौके पर भाजपा जिला महामंत्री विकास तिवारी, अनिल गोयल, नवीन अग्रवाल, रविकांत अग्रवाल, अविनाश अग्रवाल, डॉ. विशाल गर्ग, सुभाष चंद्र, संजय अग्रवाल आदि मौजूद रहे।