चर्चित फूलन देवी हत्याकांड में सीबीआई की गवाह रही उमा कश्यप को उनके बेटे ने पीट-पीटकर घायल कर दिया। उसने अपने पिता की भी पिटाई की। मंगलवार दोपहर बेटे के खिलाफ शिकायत लेकर दोनों गंगनहर कोतवाली पहुंचे। पुलिस ने उनका मेडिकल कराते हुए आरोपी बेटे की तलाश शुरू कर दी है।
लोकसभा सांसद रही दस्यु सुंदरी फूलनदेवी की 25 जुलाई 2001 को रुड़की निवासी शेर सिंह राणा ने गोलियों से भूनकर हत्या कर दी थी। मामले में एक मात्र गवाह उमा कश्यप रुड़की रामनगर में नई कचहरी के पास रहती हैं।
उमा को दी गई थी भारी सुरक्षा
राणा के तिहाड़ जेल से फरार होने के बाद गवाह उमा कश्यप को भारी सुरक्षा दी गई थी। मंगलवार को उमा कश्यप व उनके पति विजय कुमार रोते बिलखते पुलिस के पास पहुंचे। उमा के चेहरे से खून बह रहा था।
दंपति ने एसएसआई अमर चंद्र शर्मा को बताया कि बेटे ने सरिये से उन पर वार किया है। उनके पति विजय कुमार की पिछले दिनों सर्जरी कराई गई है। पेट में लात मारने से उनकी तबियत भी बिगड़ गई है।
दोनों ने पुलिस से कार्रवाई की गुहार लगाई है। पुलिस ने तहरीर मिलने पर तत्काल दोनों को मेडिकल के लिए भिजवाते हुए आरोपी की तलाश में चेतक पुलिस को घर भेजा। लेकिन आरोपी बेटा घर पर नहीं मिला।