जूनियर हॉकी टीम में चयनित खिलाड़ी बॉबी सिंह धामी।
- फोटो : TANAKPUR
टनकपुर (चंपावत)। मामा के घर टनकपुर आकर हॉकी का अभ्यास करने वाले कुमाऊं के होनहार खिलाड़ी बॉबी सिंह धामी का देश की जूनियर हॉकी टीम में चयन होने से क्षेत्र के खिलाड़ियों में खासा उत्साह है। बॉबी राज्य के पहले खिलाड़ी है, जिसने अपनी प्रतिभा के बूते देश की जूनियर हॉकी टीम में जगह बनाई है। 24 नवंबर से शुरू होगा जूनियर हॉकी वर्ल्ड कप।
मूलरूप से पिथौरागढ़ जिले के मुनाकोट ब्लॉक के कटियानी गांव का निवासी बॉबी 2009 में यहां नायकगोठ निवासी हॉकी कोच मामा प्रकाश सिंह के घर आ गया था। उसने मामा के मार्गदर्शन में स्टेडियम में हॉकी का अभ्यास शुरू किया। इसके बाद उसका चयन महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज देहरादून में हो गया। वहां इंटर तक की पढ़ाई और हॉकी में महारथ हासिल करने के बाद बॉबी हरियाणा के बालागढ़ (सोनीपत) स्थित भारतीय खेल प्राधिकरण (सांई) हॉस्टल में प्रवेश लिया और अब तक लगातार हरियाणा की टीम से खेलते हुए अपनी प्रतिभा के बूते देश की जूनियर हॉकी टीम में जगह बनाई है। आज जब बॉबी का 20 सदस्यीय जूनियर हॉकी टीम में चयन होने की खबर मिली तो क्षेत्र के खिलाड़ी और खेल प्रेमियों में खुशी की लहर छा गई। बॉबी के मामा प्रकाश का कहना है कि बॉबी को हॉकी खेल में आगे बढ़ाने में सबसे बड़ा योगदान हरिद्वार के उप जिला क्रीड़ा अधिकारी वरुण बेलवाल, महाराणा प्रताप स्पोट्स कॉलेज के हॉकी कोच पंकज रावत का बड़ा योगदान है। बॉबी का एयर फोर्स में स्पोर्ट्स कोटे से चयन हो चुका है। बॉबी की मां शिक्षा मित्र हैं और पिता ठेकेदारी करते हैं जबकि बड़ा भाई कुमाऊं रेजिमेंट में तैनात है।