बनबसा (चंपावत)। गौरव सेनानी कल्याण समिति बनबसा, टनकपुर के पदाधिकारियों और सदस्यों की बैठक में बनबसा कैंट से सीएसडी कैंटीन को खटीमा हस्तांतरित करने का विरोध जताया गया। जरूरत पड़ने पर पूर्व सैनिक न्यायालय की शरण लेकर कानूनी कार्रवाई की भी चेतावनी दी।
एक होटल में हुई बैठक में बनबसा सैनिक छावनी से कैंटीन खटीमा शिफ्ट करने पर जिला चंपावत के पूर्व सैनिक, वीर नारियां, सेवारत सैनिक परिवारों के आश्रित पुरजोर विरोध करेंगे। कहा गया कि अगर बनबसा से कैंटीन खटीमा भेजी गई तो पूर्व सैनिक न्यायालय जाने के लिए विवश होंगे।
पूर्व सैनिकों ने एकमत से कहा कि वे बनबसा कैंट से कैंटीन खटीमा नहीं जाने देंगे। हालांकि वे खटीमा में अलग से नई कैंटीन बनाने का समर्थन करेंगे।
पूर्व सैनिकों ने खटीमा में ईसीएचएस का पैनल तय करने की भी मांग की। कोरोना से मृत सैनिकों, पूर्व सैनिकों और परिजनों को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई।
कैप्टन हरीश कापड़ी की अध्यक्षता में पूर्व सैनिक जिला पंचायत सदस्य पुष्कर कापड़ी ने संचालन किया। बैठक में कैप्टन गोविंद बल्लभ पांडेय, कैलाश चंद्र गहतोड़ी, राजेंद्र सिंह अधिकारी, मोहन चंद्र त्रिपाठी, सूबेदार चंद्रबल्लभ, बुद्धिबल्लभ पांडेय आदि ने विचार रखे।
बैठक के बाद विधायक कैलाश गहतोड़ी को उनके प्रतिनिधि महेश मुरारी और सांसद प्रतिनिधि संजय जोशी के माध्यम से सांसद अजय टम्टा को ज्ञापन भेजे गए।