टनकपुर(चंपावत)। क्षेत्र के प्रमुख उप जिला अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती के प्रति विभाग उदासीन है। फिजिशियन और स्त्री रोग विशेषज्ञ के पद रिक्त होने से मरीजों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ऑपरेशन से डिलीवरी तक की सुविधा नहीं मिल पा रही है। अस्पताल प्रशासन निरंतर विभाग को अवगत करा रहा है। पहाड़ के प्रवेश द्वार पर स्थित उप जिला अस्पताल में पहाड़ और तराई के बड़े हिस्से की आबादी की चिकित्सा सुविधा का जिम्मा है।
अस्पताल में चिकित्सक समेत कुल 62 पद स्वीकृत हैं। इनमें 45 कार्यरत और 18 पद रिक्त हैं। इनमें सबसे अधिक दिक्कत फिजिशियन, स्त्री रोग विशेषज्ञ के दो-दो पद रिक्त होने से मरीजों को हो रही है। जबकि निश्चेतक का भी पद रिक्त है। गंभीर हालत होने पर गर्भवती को हायर सेंटर रेफर किया जाता है। सीएमएस डाॅ. घनश्याम तिवारी ने बताया कि फिजीशियन और स्त्री रोग विशेषज्ञ चिकित्सक का पद रिक्त है। इसके लिए निरंतर विभाग को अवगत कराया जा रहा है। फिजिशियन और स्त्री रोग विशेषज्ञ न होने से जरूरतमंद मरीजों की हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर रेफर करना पड़ रहा है।