चंपावत एनआईसी में सीएम के साथ वीडियो कांफ्रेसिंग करते डीएम विनीत तोमर और अन्य अधिकारी।
- फोटो : CHAMPAWAT
चंपावत। मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने कहा है कि कोविड के संबंध जारी किए गए दिशा निर्देशों का पालन पूरी सख्ती से कराया जाए। वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये कोरोना संक्रमण की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि हर जिले में कोविड केयर सेंटरों को मजबूत किया जाए। राज्य और जिलों की सीमाओं पर पूरी गंभीरता से चेकिंग की जाए।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में कोविड संक्रमण की दूसरी लहर बड़ी तेजी से बढ़ रही हैं, जिसके लिए सभी जिलों में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कीं जाय । उन्होंने सभी कोविड केयर सेंटरों में पर्याप्त मात्रा में ऑक्सीजन व्यवस्था के साथ आईसीयू बैड बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों को टीकाकरण के लिए प्रेरित करने और इस कार्य में जनप्रतिनिधियों का सहयोग लेने के निर्देश भी दिए। चंपावत जिले की समीक्षा के दौरान डीएम विनीत तोमर ने बताया कि कोविड संक्रमण के रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए जिले में बाहरी राज्यों एवं प्रदेश के अन्य जिलों से आने वाले व्यक्तियों का पूर्ण डाटा तैयार करते हुए उनकी सैंपलिंग करायी जा रही हैं। टीकाकरण का कार्य भी सफलतापूर्वक चलाया जा रहा हैं। इस मौके पर एसपी लोकेश्वर सिंह, एडीएम त्रिलोक सिंह मर्तोलिया, सीएमओ डॉ.आरपी खंडूरी, सीईओ आरसी पुरोहित, सहायक परियोजना निदेशक विम्मी जोशी, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मनोज पांडेय आदि मौजूद थे।