लोहाघाट के प्रेमनगर पाटन में शहीद नवीन जोशी की पुण्य तिथि पर मौजूद लोग।
- फोटो : LOHAGHAT
लोहाघाट (चंपावत)। जम्मू कश्मीर के पुंछ सेक्टर में आतंकियों से लोहा लेते हुए शहीद हुए प्रेमनगर पाटन निवासी नवीन चंद्र जोशी की 11वीं पुण्यतिथि मनाई गई। इस दौरान शहीद की मूर्ति में माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।
शनिवार को विधायक पूरन सिंह फर्त्याल ने शहीद स्मारक में शहीद नवीन की मूर्ति में माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। शहीद की मां कलावती देवी, भाई सुरेश जोशी, भाभी निर्मला जोशी, दीदी दीपा जोशी, चाचा शिरोमणि जोशी, ताई पार्वती देवी ने नवीन को याद कर नम आंखों से श्रद्धांजलि दी। आठ कुमाऊं रेजीमेंट के सिपाही नवीन चंद्र जोशी दुश्मनों से लोहा लेते हुए 28 वर्ष की आयु में 14 अगस्त 2010 को जम्मू कश्मीर के पुंछ सेक्टर में शहीद हो गए थे। वक्ताओं ने कहा कि नवीन का देश की रक्षा के लिए दिया गया बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। शिक्षक रमेश जोशी के संचालन में आयोजित कार्यक्रम में सुरेश जोशी ने बिखर कर शौर्य की खुशबू चमन को चूम लेती है, जवां हसरत तिरंगे की, गगन को चूम लेती है पंक्तियों के साथ शहीद नवीन को श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि प्रकाश बोहरा, बीडीसी सदस्य गंगा पाटनी, सुभाष विश्वकर्मा, मोहन पाटनी, डॉ.सुरेश जोशी, नगेंद्र जोशी, प्रेमबल्लभ, जमुनादत्त, , बचीराम गड़कोटी, लीलांबर पंत, पीएस चौधरी, महेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।