तस्करों द्वारा काटे गए सागौन के पेड़।
- फोटो : TANAKPUR
टनकपुर (चंपावत)। लकड़ी तस्करों ने अब शारदा रेंज में सागौन के जंगल में उखड़ कर गिरे सागौन के दो पेड़ों की लकड़ी काटी है। एक पेड़ की लकड़ी तस्कर ठिकाने लगा चुके हैं, जबकि दूसरे पेड़ की लकड़ी विभाग ने मौके से बरामद कर ली है। एक सप्ताह के अंदर तस्करों द्वारा पेड़ काटने की इस दूसरी घटना है। वन विभाग की टीम तस्करों के सुरागकशी में जुट गई है।
शारदा रेंज की बरमदेव बी के जंगल में शनिवार को गश्त पर गई वन विभाग की टीम ने सागौन के दो गिरे पेड़ों की कटी लकड़ी देखी। रेंजर का कार्यभार देख रहे डिप्टी रेंजर जीएस धर्मसत्तू और वन दरोगा महेश सिंह अधिकारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और काटे गए लट्ठों को कब्जे में लिया। डिप्टी रेंजर धर्मसत्तू ने बताया कि तस्कर एक पेड़ की लकड़ी को ठिकाने लगा चुके हैं। उन्होंने बताया कि काटे गए पेड़ उखड़ कर गिरे थे। उनका अनुमान है कि सागौन के इन पेड़ों को काटने की घटना को भी तस्करों ने खैर के पेड़ काटते वक्त ही अंजाम दिया है। विभाग की टीम इसमें लिप्त तस्करों के साथ ही ठिकाने लगाई गई लकड़ी का पता लगाने में जुट गई है। उनका दावा है कि जल्द ही तस्करों को दबोच कर लकड़ी भी बरामद कर ली जाएगी। बता दें कि गत छह अगस्त की तस्करों ने बरमदेव बीट में ही खैर के नौ पेड़ काटे जाने की घटना हुई थी।