चंपावत। आजादी के अमृत महोत्सव वर्ष और मेरी माटी मेरा देश जैसे कार्यक्रम लोगों में देशभक्ति का जज्बा पैदा कर रहे हैं, वहीं बाराकोट क्षेत्र के सेनानी गांव की डेढ़ किमी सड़क में बची 300 मीटर कटिंग को पूरा करने के लिए सरकारी तंत्र दो लाख रुपये के बजट की व्यवस्था नहीं कर पा रहा है। इस कारण ढाई साल से सड़क का काम अटका हुआ है। सेनानी परिवार ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेज सड़क की कटिंग पूरी कराने की मांग की है।
बाराकोट ब्लॉक की पम्दा ग्राम पंचायत के दयारी से डोठा कुड़ीटाक तोक तक डेढ़ किमी सड़क की कटिंग का काम वर्ष 2020-21 में शुरू हुआ था। जिला पंचायत ने राज्य वित्त मद से सेनानी स्व. उमापति जोशी के गांव के लिए जाने वाली सड़क का काम शुरू कराया लेकिन बीच में ही बजट खत्म हो गया। तबसे 300 मीटर सड़क का काम रुका हुआ है।
काम अधूरा रहने से ये ग्रामीण क्षेत्र सड़क सुविधा से जुड़ नहीं पा रहे हैं। अब सेनानी आश्रित नवीन चंद्र जोशी, तुलसी जोशी, चंद्रकला, देवकी, कलावती, पुष्पा, गोदावरी जोशी, भुवन जोशी, भागीरथी जोशी आदि ने सड़क की कटिंग पूरा कराने की मांग करते हुए सीएम को पत्र भेजा है। इधर जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी भगवत पाटनी का कहना है कि कार्ययोजना में इस सड़क के बचे काम को रखा जाएगा।
कोट
सेनानी क्षेत्र में मामूली बजट से सड़क की कटिंग रुकना ठीक नहीं है। इससे परेशानी के साथ ही सेनानियों के प्रति सम्मान की कमी भी नजर आती है। - गंगा देवी, ग्रामीण।
महज 300 मीटर सड़क की कटिंग तीन साल से लटकी है। अधूरे काम से इलाके के ग्रामीणों को दिक्कत झेलनी पड़ रही है। - प्रेमबल्लभ जोशी, ग्रामीण।
पहले विवाद की वजह से काम में अड़चन आई। अब विवाद सुलझ गया है। बजट की व्यवस्था होने पर काम शुरू कराया जाएगा। - ज्योति राय, अध्यक्ष, जिला पंचायत, चंपावत।