कर्णकरायत की रामलीला में राक्षसों से युद्घ करते राम लक्ष्मण।
- फोटो : LOHAGHAT
चंपावत। जिले के विभिन्न स्थानों पर रामलीला का आयोजन जारी है। शुक्रवार को स्वांला रामलीला में हनुमान सीता संवाद से लेकर लंका दहन और रावण विभीषण संवाद तक कि लीला का मंचन किया गया। इधर कोट अमोड़ी में भी शुक्रवार को रामलीला का आयोजन जारी रहा।
कोट अमोड़ी की रामलीला में राम का हनुमान को दूत बनाकर लंका भेजते हुए कहते हैं संदेशा ओ पवनसुत तू सिया प्यारी से कह देना। इसके बाद सीता की खोज करना, हनुमान का लंका में उत्पात मचाकर पूरी लंका को जलाना तक कि लीला का मंचन किया गया। रामलीला कमेटी अध्यक्ष लालमणी भट्ट ने बताया कि शुक्रवार को भी कोट अमोड़ी की रामलीला में दर्शकों की काफी भीड़ देखने को मिली। इसके अलावा बेलखेत, सैंदर्क आदि स्थानों में भी रामलीला का मंचन जारी है।
लोहाघाट, कर्णकरायत, पुलहिंडोला में मची रामलीला की धूम
लोहाघाट (चंपावत)। लोहाघाट नगर, कर्णकरायत, पुलहिंडोला में रामलीला की जबरदस्त धूम मची हुई है। कड़ाके की ठंड के बावजूद रामलीला देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। लोहाघाट में रामलीला कमेटी के अध्यक्ष जीवन मेहता के दिशा निर्देशन और शिक्षक नरेश राय के संचालन में आयोजित रामलीला में रावण वध की लीला का मंचन किया गया। वहीं कर्णकरायत में रामलीला कमेटी के अध्यक्ष कैलाश फर्त्याल के दिशा निर्देशन में आयोजित लीला में राक्षसों के आतंक से परेशान ऋषि विश्वामित्र का अयोध्या आना, राजा दशरथ से यज्ञ की रक्षा के लिए राम लक्ष्मण को मांगना, ताड़का, सुबाहु वध की लीला का मंचन किया गया। पुलहिंडोला में रामलीला जारी है। रामलीला कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र पाटनी के दिशा निर्देशन में चल रही रामलीला के तीसरे दिन धनुष यज्ञ की लीला का मंचन किया गया। लीला देखने के लिए पुलहिंडोला, खेतसारी, बिल्दे, टमटकांडे, ढोरजा, पोखरी, मड आदि स्थानों से दर्शक पहुंच रहे हैं। संवाद