शहीद श्याम सिंह मोटर मार्ग की बदहाली पर भड़के लोग
- फोटो : अमर उजाला
चंपावत जिले के लोहाघाट बाराकोट ब्लॉक के चामी चौमेल में शहीद श्याम सिंह मोटर मार्ग की बदहाली पर लोगों में लोनिवि और प्रशासन के खिलाफ काफी आक्रोश है। लोगों ने बदहाल मोटर मार्ग की अनदेखी को शहीद का अपमान बताया। जल्द मोटर मार्ग में डामरीकरण न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
चामी के ग्राम प्रधान प्रकाश सिंह महर के नेतृत्व में ग्रामीणों ने शहीद श्याम सिंह बिष्ट मोटर मार्ग पर के पास प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि करीब आठ साल पूर्व लांस नायक शहीद श्याम सिंह बिष्ट के नाम पर प्रशासन ने ढाई किमी चामी-लीदू-काकड़ी मोटर मार्ग का निर्माण किया था। कार्यदायी संस्था लोक निर्माण विभाग ने केवल एक किमी सड़क पर डामरीकरण कर छोड़ दिया। सड़क बदहाल होने से कई बार दुर्घटनाएं भी हुई हैं। ग्रामीण प्रशासन से लगातार सड़क पर डामरीकरण की मांग कर रहे हैं, लेकिन प्रशासन ने अब तक ग्रामीणों की नहीं सुनी है।
ये पढ़ें- Rudrapur: मकान के सौदे में मिला धोखा...अवसाद में आने से व्यक्ति की मौत, नाराज परिजनों ने थाना घेरा; हंगामा
लोगों ने कहा कि शहीद के नाम पर बनी सड़क पर डामरीकरण न होने पर शहीद के परिजन भी नाराज हैं और इसे शहीद का अपमान बता रहे हैं। लोगों ने निर्णय लिया कि एसडीएम, विधायक और डीएम के समक्ष समस्या को रखेंगे। समाधान न होने पर एसडीएम कार्यालय में धरना प्रदर्शन किया जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में शिव दत्त जोशी, पूर्व प्रधान उमेद सिंह बिष्ट, सोबन सिंह, पूरन सिंह, कुंदन सिंह, अमर सिंह, सूरज कुमार, हरीश पाठक, संजय पाठक आदि मौजूद रहे।