चंपावत/लोहाघाट/पाटी/बाराकोट। हरियाणा की एचआर नीति (ग्रेड पे, 60 साल की उम्र तक सेवा की सुनिश्चितता) को लागू करने के अलावा आउटसोर्स से जारी नियुक्ति प्रक्रिया को खत्म करने की मांग को लेकर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) संविदा कर्मचारी संगठन का कार्य बहिष्कार मंगलवार से शुरू हो गया है। चंपावत, लोहाघाट, पाटी, बाराकोट, टनकपुर आदि स्वास्थ्य केंद्रों में कर्मियों ने प्रदर्शन किया। हड़ताल के चलते कई काम प्रभावित रहे।
संविदा कर्मचारी संघ जिलाध्यक्ष प्रेमबल्लभ भट्ट और गौरव पांडेय का कहना है कि एनएचएम राष्ट्रीय स्तर की 42 योजनाओं का संचालन करता है। जिले में इस काम के संचालन के लिए 12 डॉक्टर, 11 फार्मासिस्ट, 19 स्टाफ नर्स, 7 एएनएम, 10 लैब तकनीशियन, 29 सीएचओ, 15 डीईओ और 47 परियोजना से संबंधित प्रबंधक व सहायक प्रबंधक हैं।
तीन दिनी कार्य बहिष्कार में आकस्मिक सेवा तो जारी है लेकिन एनएचएम कर्मी सामान्य काम नहीं कर रहे हैं। कर्मियों ने तीन दिन तक कार्य बहिष्कार के बाद हर तरह की सेवा ठप करने की चेतावनी दी है। इस दौरान डॉ. मयंक शर्मा, डॉ. स्नेहलता, डॉ. प्रीति जुकरिया, डॉ. मुकेश तड़ागी, डॉ. अरुण मिश्रा, प्रेमबल्लभ भट्ट, मनोज सिंह, जगदीश जोशी, रामनारायण खर्कवाल, राजू डसीला, ललिता बिष्ट आदि थे।
टनकपुर में भी जारी रहा विरोध
टनकपुर। संगठन के जिला उपाध्यक्ष अमित जोशी के नेतृत्व शुरू हुए आंदोलन में डॉ. गौरव शर्मा, डॉ. प्रशांत वर्मा, डॉ. संजय शर्मा, मोहित गड़कोटी, दीपा जोशी, ज्योति जोशी आदि ने विरोध जताया। कांग्रेस नेता हेमेश खर्कवाल, कांग्रेस नगर अध्यक्ष अनिल चौधरी पिंकी, युकां नगर अध्यक्ष नीरज मिश्रा ने भी धरने पर बैठ आंदोलन का समर्थन किया।
प्रभावित रहे ये काम
जिला अस्पताल के आईसीयू संचालन, लोहाघाट में बलगम की जांच, आरबीएसके टीम द्वारा ग्रामीण क्षेत्र के स्कूली छात्र-छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण, दंत चिकित्सा, कोरोना जांच, टीकाकरण, आंकड़ों को दर्ज करने में दिक्कत।
हड़ताली कर्मियों पर लटकी है हटाए जाने की तलवार
चंपावत। एनएचएम के हड़ताली कार्मिकों को लेकर शासन का रवैया खासा सख्त है। एनएचम की प्रबंध निदेशक सोनिका ने हड़ताल पर जाने वाले कर्मियों को निकालने का अधिकार सीएमओ को दिया है।
हड़ताल से टीकाकरण और आकड़ों की प्रविष्टि के काम पर असर पड़ा है। अलबत्ता सीएमओ कार्यालय के कार्मिकों के जरिए प्रविष्टि की वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। - डॉ. केके अग्रवाल, सीएमओ, चंपावत।