चंपावत। लाइफ लाइन ऑलवेदर रोड स्वाला डेंजर जोन के पास मुसीबत बनी हुई। पहाड़ी से गिरते मलबे और बोल्डर के कारण भारी वाहनों की आवाजाही बंद होने से चंपावत में दो करोड़ से अधिक का नुकसान हो गया है।
एनएच हल्के वाहनों के लिए रैंप बनाकर आवाजाही सुचारु करने का प्रयास तो कर रहा है लेकिन पहाड़ी से पानी रिसाव के कारण सड़क लगातार धंस रही है और पहाड़ी से लगातार गिरते बोल्डरों के कारण बड़ा हादसा होने की आशंका है। डेंजर जोन में कीचड़ होने के चलते वाहन फंस रहे हैं। सोमवार को भारी वाहनों की आवाजाही कराई गई लेकिन वाहनों की आवाजाही से मार्ग धंसता चला गया। मार्ग बीच-बीच में खोला गया और बीच-बीच में बंद भी करना पड़ा। कई बार लोगों और मशीन की मदद से फंसे वाहनों को धक्का मारकर आगे भी बढ़ाना पड़ा। लाइफ लाइन बंद होने से व्यापारिक गतिविधियां पूरी तरह ठप हैं। दीवाली का सीजन सिर पर है। ऐसे में व्यापारी परेशान हैं। उनका कहना है कि मार्ग बंद रहा तो सामान आना मुश्किल हो जाएगा।
टनकपुर-चंपावत एनएच पर डेंजर जोन की समस्या को दूर करना अत्यंत आवश्यक है। इसका स्थायी समाधान निकालने की जरूरत है। यह सड़क पिथौरागढ़ और चंपावत की लाइफ लाइन है। -विकास साह, व्यापार संघ अध्यक्ष, चंपावत।
दीवाली का त्योहार आने के लिए है। ऐसे में एनएच पर भारी वाहनों का संचालन नहीं होने के कारण चिंता सता रही है। एनएच और प्रशासन को वैकल्पिक मार्ग खोजकर डेंजर जोन का स्थायी समाधान निकालना चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी समस्या न हो।
दिनेश जोशी, महादेव फर्नीचर, चंपावत।